MIW vs GGTW Highlights: मुंबई इंडियंस ने विमेंस प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में जगह बना ली। एलिमिनेटर मुकाबले में उसने गुजरात जाएंट्स को 47 रन से पटखनी दी। मुंबई के लिए ये लगातार तीसरा एलिमिनेटर मुकाबला था, जिसमें से दो में उसे जीत मिली। गुजरात जाएंट्स के सामने जीत के लिए 214 रन का विशाल लक्ष्य था, लेकिन गुजरात जाएंट्स की टीम 19.2 ओवर में 166 रन बनाकर ढेर हो गई। गुजरात के लिए डैनियल गिब्सन ने 34, फोबे लिचफील्ड ने 31 और भारती फूलमाली ने 30 रन का योगदान दिया। मुंबई के लिए हेली मैथ्यूज ने तीन विकेट चटकाये। इसके अलावा मुंबई के लिए अमेलिया केर ने भी दो विकेट चटकाये। शबनम इस्माइल को एक सफलता मिली।
मुंबई इंडियंस और गुजरात जाएंट्स (विमेंस प्रीमियर लीग)
इससे पहले गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसे केवल 26 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। यास्तिका भाटिया 15 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद हैली मैथ्यूज और नैट सीवर ब्रंट ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी की। हैली मैथ्यूज और नैट सीवर ब्रंट ने 77-77 रन की पारी खेली। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 12 गेंद में विस्फोटक 36 रन की पारी खेली। उनकी इस दमदार पारी के दम पर मुंबई 200 रन का आंकड़ा छू पाई। मुंबई ने 4 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए। गुजरात की ओर से डैनियल गिब्सन ने 2 और काशवी गौतम ने 1 विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल 6 रन के स्कोर पर उसे पहला झटका लगा। शबनिम इस्माइल ने पहले ओवर में ही बेथ मूनी (छह) को आउट कर गुजरात को बड़ा झटका दिया। डैनियल गिब्सन ने साइका इशाक के खिलाफ दो चौके जड़ आत्मविश्वास दिखाया लेकिन हरलीन देओल (आठ) संस्कृति गुप्ता के शानदार थ्रो पर रन आउट हो गयी। कप्तान एश्ले गार्डनर ने मैथ्यूज के खिलाफ छक्के के साथ खाता खोला लेकिन वेस्टइंडीज की इस हरफनमौला ने उन्हें बोल्ड कर टीम को बड़ी सफलता दिलायी।
गिब्सन ने हरमनप्रीत जबकि लिचफील्ड ने अमेलिया केर के खिलाफ छक्का जड़कर जरूरी रन गति कम करने की कोशिश की लेकिन गिब्सन 10वें ओवर में रन आउट हो गयी। टीम ने 11वें ओवर में रनों का शतक पूरा किया। जरूरी रन गति के 13 रन प्रति ओवर पहुंचने के बाद लिचफील्ड ने केर के खिलाफ क्रीज से बाहर निकलकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन तानिया भाटिया ने गिल्लियां बिखेर कर उन्हें स्टंप कर दिया।
अमनजोत कौर के खिलाफ छक्का लगाने वाली भारती के साथ गफलत का शिकार होकर काशवी गौतम (चार) रन आउट हो गयी। सिमरन शेख ने नैट-साइवर के ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर 19 रन बटोरने में सफल रही। मैथ्यूज ने लगातार दो चौके खाने के बाद फुलमाली को बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखायी। केर की गेंद पर शेख के आउट होने से गुजरात की उम्मीदें खत्म हो गयी। साइवर-ब्रंट की गेंद को तनुजा कंवर(16) हरमनप्रीत के हाथों में खेल गयी। मैथ्यूज ने आखिरी ओवर में मेघना सिंह को चलता कर मुंबई इंडियंस को बड़ी जीत दिलायी। इस जीत के साथ मुंबई ने फाइनल में जगह बना ली, जहां 15 मार्च को उसका सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा।
