Hardik Pandya vs Rohit Sharma: मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 29 रन से हराकर आईपीएल 2024 में जीत का खाता खोल लिया, इसके लिए मुंबई इंडियंस को 3 मैच का इंतजार करना पड़ा। हार्दिक की कप्तानी में टीम की यह पहली जीत थी। इस जीत के बाद ऐसा लगा था कि रोहित और हार्दिक के बीच सोशल मीडिया पर फैंस के बीच चल रहा विवाद थम जाएगा, लेकिन हुआ इसके उलट और इस मामले ने और भी तूल पकड़ लिया। ऐसा तब हुआ जब मैच के बाद एमआई के वर्तमान कप्तान और पूर्व कप्तान ने दो अलग-अलग पोस्ट किए। इस पोस्ट पर फैंस ने प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी कि क्या एमआई की टीम दो खेमों में बंट गई है।
हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा (साभार-IPL)
हार्दिक और रोहित के अलग-अलग पोस्ट
दिल्ली के खिलाफ जीत के बाद हार्दिक पांड्या ने अपने एक्स अकाउंट से टीम की चार फोटो शेयर की। कैप्शन में उन्होंने लिखा कि हमारा हौसला सातवें आसमान पर है और हम आगे बढ़ रहे हैं। हार्दिक के इस पोस्ट पर रोहित और हार्दिक के फैंस के बीच लड़ाई शुरू हो गई। हार्दिक के इस पोस्ट में रोहित शर्मा की फोट तो है, लेकिन एक पोस्ट रोहित ने भी डाली है जिसमें हार्दिक की फोटो नहीं है। रोहित ने रोमारियो शेफर्ड की फोटो शेयर की और कैप्शन में लिखा ऑफ द मार्क। इन दोनों के एक्स पर पोस्ट पर दोनों खिलाड़ियों के फैंस के बीच बहस शुरू हो गई है।
एक फैन ने लिखा कि रोजाना नहाने के बाद रोहित की पैर छूआ करें। एक अन्य यूजर ने कॉमेंट में जसप्रीत बुमराह और रोहित की तस्वीर शेयर कर लिखा कि इन दोनों के फैस छूकर पिया करो। आपको बता दें कि दिल्ली के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा ने 27 गेंद में 49 रन की विस्फोटक पारी खेली और मुंबई को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर की गेंदबाजी में न केवल 2 महत्वपूर्ण विकेट लिए बल्कि केवल 22 रन खर्चे।
