स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के पहले मैच के लिए अपनी 16 सदस्यी रणजी टीम का ऐलान कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि मुंबई ने सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर रखा है। वहीं, आयुष महात्रे को वाइस-कैप्टन बनाया है। 42 बार की रणजी चैंपियन मुंबई टीम 11 अक्टूबर से वानखेड़े में चंडीगढ़ से भिड़ेगी।
रणजी ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम में सूर्या को नहीं मिली जगह। फाइल फोटो
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, सिलेक्टर महात्रे को भविष्य के कप्तान के तौर पर तैयार करना चाहते हैं। 19 साल का यह खिलाड़ी, जिसने भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया, इस प्लान में फिट बैठता है। उसने दो साल में सिर्फ 13 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हैं।
सिद्धेश बने कप्तान
सिद्धेश लाड को टीम का कप्तान बनाया गया है। टीम में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को भी जगह दी गई है। वहीं, सूर्यकुमार के नाम पर विचार नहीं किया गया। जबकि भारत के पूर्व T20I कप्तान ने मैच के लिए खुद को अवेलेबल बताया था। सरफराज खान को टीम में जगह मिली है, लेकिन उन्हें लीडरशिप रोल नहीं दिया गया है। सूर्यांश शेडगे इंडिया-ए के लिए खेलेंगे इसलिए उन्हें भी नहीं चुना गया।
सूर्यकुमार यादव को नहीं मिली जगह
MCA के सूत्रों ने क्रिकबज को बताया है कि सूर्यकुमार ने राजेश पवार की लीडरशिप वाली मुंबई सिलेक्शन कमिटी को मैसेज भेजा था। हालांकि, कमिटी ने उन्हें टीम में शामिल करने पर विचार नहीं किया। फरवरी-मार्च में टीम को T20 वर्ल्ड कप टाइटल जिताने के बावजूद इंडिया T20I की कप्तानी छीन ली गई। साथ ही टीम से भी बाहर कर दिया। सूर्यकुमार जून में मुंबई T20 लीग के बाद से कॉम्पिटिटिव क्रिकेट से बाहर हैं।
शार्दुल चोटिल
टीम से एक और खास बात यह है कि पूर्व कप्तान शार्दुल ठाकुर नहीं खेल रहे हैं, जिनके बारे में चीफ सिलेक्टर पवार ने बताया कि उनके दाहिने हाथ की बीच वाली उंगली में फ्रैक्चर है। पवार ने कहा, वह पहले दो मैचों के लिए उपलब्ध नहीं हो सकते हैं।'
टीम:- सिद्धेश लाड (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आयुष महात्रे (उप-कप्तान), दिव्यांश सक्सेना, मुशीर खान, सरफराज खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तमोर (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुश कोटियन, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा, ओंकार तरमाले।
