चंडीगढ़: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चंडीगढ़ में शुक्रवार को खेले गए तीन मैच की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी की। अपनी सटीक गेंदों से कहर बरपाते हुए शमी ने 10 ओवर में 51 रन देकर पांच विकेट चटकाए कंगारुओं की पारी 276 रन पर समेटने में अहम भूमिका अदा की।
मोहम्मद शमी(साभार BCCI Screen Grab)
धाकड़ बल्लेबाजों के चटकाए विकेट
शमी ने मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्क स्टोइनिस, मैथ्यू शॉर्ट और सीन एबॉट के विकेट चटकाकर पांच विकेट चटकाए। वो भारतीय सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच विकेट चटकाने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज भी बने।
शमी ने दिया चुटकीला जवाब
ऑस्ट्रेलियाई पारी के समाप्त होने के बाद शमी आधिकारिक प्रसारणकर्ता के पास इंटरव्यू के लिए पहुंचे। उन्होंने जिस आतिशी अंदाज में विकेट चटकाए उसी अंदाज में कमेंट्रेटर हर्षा भोगले को चुटकीले जवाब दिए। देखते ही देखते उनका ये इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
आप लोग एसी में बैठे थे...
हर्षा भोगले ने शमी से पूछा कि क्या आप लोगों को मैदान पर गर्मी महसूस हो रही थी। तो इसका जवाब देते हुए शमी ने कहा, हा लग रही थी, क्योंकि आप लोग एसी में बैठे हैं और हम लोग ग्राउंड में थे।
खत्म हुआ 16 साल का इंतजार
शमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में पांच विकेट झटकने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले कपिल देव ने साल 1983 और अजीत आगरकर ने साल 2004 में ये कारनामा किया था। 16 साल लंबे अंतराल के बाद कोई भारतीय पेसर घर पर वनडे की एक पारी में पांच विकेट झटकने में सफल हुआ
