लंदन: भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट के चौथे दिन तीन बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। सिराज भुवनेश्वर कुमार को पछाड़कर इंग्लैंड की सरजमीं पर एक टेस्ट सीरीज में 20 या उससे अधिक विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बने। सिराज ने ओली पोप का शिकार करके सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले बॉलर भी बन गए। अब तक इस सीरीज में सिराज ने 9 पारियों में 36.85 की औसत से सबसे ज़्यादा 20 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/70 रहा है।
मोहम्मद सिराज(फोटो क्रेडिट AP)
इंग्लैंड में एक सीरीज में 20 से ज्यादा विकेट
सिराज ने ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में ओली पोप को आउट करके इंग्लैंड के खिलाफ एक सीरीज में 20 या उससे ज्यादा विकेट चटकाने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में भुवनेश्वर कुमार को पछाड़ा। भुवी ने साल 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 19 विकेट (औसत 26.63, सर्वश्रेष्ठ 6/82) अपने नाम किए थे। सिराज के धमाल के बाद भुवी तीसरे पायदान पर खिसक गए हैं। इंग्लैंड में किसी सीरीज में किसी भारतीय द्वारा सबसे ज्यादा विकेट चटकाने का रिकॉर्ड जसप्रीत बुमराह के नाम दर्ज है। बुमराह ने साल 2021 की सीरीज में 5 मैचों में 23 विकेट 22.47 के औसत से चटकाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/64 रहा था।
विदेश में पूरा किया विकेटों का शतक
सिराज ने ओली पोप का शिकार करके विदेशी में 100 टेस्ट विकेट भी पूरे कर लिए। सिराज ने विदेश में 100 विकेट 27 मैच में 30.74 के औसत से पूरे किए। घरेलू सरजमीं पर उनका प्रदर्शन टेस्ट में फीका रहा है। भारतीय सरजमीं पर खेले 14 टेस्ट में सिराज केवल 19 विकेट अपने नाम कर सके हैं। सिराज विदेश में 100 या उससे ज्यादा विकेट चटकाने वाले सातवें भारतीय पेसर हैं। उनसे पहले कपिल देव(215), जवागल श्रीनाथ, जहीर खान(207), इशांत शर्मा(204), मोहम्मद शमी(153) और जसप्रीत बुमराह(172) ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
सीरीज में 1000 से ज्यादा गेंद फेंकने वाले एकलौते गेंदबाज
मोहम्मद सिराज ओवल टेस्ट के चौथे दिन इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में एक हजार गेंद फेंकने वाले पहले गेंंदबाज बन गए। सिराज के अलावा दोनों टीमों का और कोई बॉलर ऐसा नहीं कर सका। सिराज सीरीज के पांचों टेस्ट में खेलते नजर आए।
