मुंबई: विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन की शनिवार को मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में धमाकेदार शुरुआत हुई। इसके अगले दिन दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच मुकाबले में भी यह सिलसिला जारी रहा। टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम को कप्तान मेग लेनिंग और शेफाली वर्मा ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने चौकों छक्कों की बारिश करते हुए पहले विकेट के लिए 14.3 ओवर में 162 रन की साझेदारी की।
मैग लेनिंग( साभार Delhi Capitals)
लेनिंग ने 30 गेंद में पूरा किया अर्धशतक
इस दौरान हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के छठी बार टी20 विश्व चैंपियन बनाने वाली कप्तान मेग लेनिंग ने 30 गेंद में 10 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ ही वो डब्लूपीएल के इतिहास में अर्धशतक जड़ने वाली पहली विदेशी बन गईं। लेनिंग 43 गेंद में 72 रन की आतिशी पारी खेलने के बाद हीदर नाइट की गेंद पर बोल्ड हो गईं। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके जड़े।
दिल्ली कैपिटल्स ने 1.10 करोड़ में किया था टीम में शामिल
50 लाख रुपये के बेस प्राइज के साथ डब्लूपीएल की नीलामी में उतरीं लेनिंग को दिल्ली कैपिटल्स ने 1.10 करोड़ रुपये की मोटी कीमत पर दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया। मुंबई इंडियन्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल करने की पुरजोर कोशिश की थी और 1 करोड़ रुपये तक की बोली लगाई थी। लेकिन दिल्ली 1.10 करोड़ की कीमत पर उन्हें अपने दल में शामिल करने में सफल रही।
