मयंक यादव ने रचा जिंबाब्वे के खिलाफ अनोखा इतिहास, भुवनेश्वर कुमार के रिकॉर्ड की बराबरी

चोट से उबरकर टीम इंडिया में वापसी करने वाले 22 वर्षीय तेज़ गेंदबाज मयंक यादव ने जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज में एक नया इतिहास रच दिया है।

हरारे: चोट से उबरकर टीम इंडिया में वापसी करने वाले 22 वर्षीय तेज़ गेंदबाज मयंक यादव ने जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज में एक नया इतिहास रच दिया है। रविवार को सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में जिंबाब्वे की टीम 193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो मयंक ने पारी की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट को स्लिप में खड़े वैभव सूर्यवंशी के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया। मंयक ने ऐसा ही सीरीज के पहले मुकाबले में भी किया था। उन्होंने पारी की पहली गेंद पर बेनेट को विकेटकीपर के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई थी। रविवार को वो इस करिश्मे को दोहराने में सफल रहे और अपने नाम एक अनोखा रिकॉर्ड कर लिया।

Mayank Yadav

मयंक यादव

एक सीरीज में दो बार पहली गेंद पर विकेट

मयंक यादव एक अंतरराष्ट्रीय टी20 सीरीज में दो बार पारी की पहली गेंद पर विकेट चटकाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इसके साथ ही वो साझा रूप से T20I मैच में पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा बार विकेट चटकाने वाले भारतीय बन गए हैं। भुवनेश्वर कुमार ने अपने टी20आई करियर में ये कारनामा तीन बार किया था। वहीं मयंक भी उनके बराबर पहुंच गए हैं। भुवी ने साल 2022 में श्रीलंका, इंग्लैंड और जिंबाब्वे के खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की थी। वो ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय भी बने थे। वहीं मयंक यादव ने साल 2024 में अपनी डेब्यू सीरीज में बांग्लादेश के खिलाफ ये कारनामा किया था। उसके बाद अब जिंबाब्वे के खिलाफ मौजूदा सीरीज में दो बार उन्होंने ये उपलब्धि हरारे में हासिल की।

End of Feed