ICC Test Ranking: आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग का ऐलान हो गया है। ऑस्ट्रेलिया-वेस्टइंडीज और पाकिस्तान-इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के बाद जारी हुई इन ताजा रैंकिंग में एक बड़ा बदलाव हुआ है। इंग्लैंड के शीर्ष बल्लेबाज जो रूट और पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज व कप्तान बाबर आजम जैसे शीर्ष टेस्ट बल्लेबाजों को पीछे छोड़ते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन अब दुनिया के नंबर.1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं।
मार्नस लाबुशेन आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर.1 बने (AP)
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में दोहरा शतक (204) और दूसरी पारी में शतक (नाबाद 104) जड़ते हुए बल्लेबाजों की टेस्ट रैंकिंग्स में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। उनके 935 रेटिंग अंक हो गए हैं। इसके अलावा उनके साथी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ जिन्होंने उस टेस्ट की पहली पारी में 200 रन बनाए थे, वो भी इन रैंकिंग में दूसरे स्थान पर बरकरार हैं।
इसके अलावा जो रूट को काफी नुकसान हुआ है और वो इन रैंकिंग्स में खिसकते हुए चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। अगर भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो ताजा टेस्ट रैंकिंग की टॉप-10 बल्लेबाजों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर रिषभ पंत जमे हुए हैं जबकि नौवें स्थान पर रोहित शर्मा की स्थिति में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।
अब ये हैं टॉप-5 टेस्ट बल्लेबाज
1. मार्नस लाबुशेन (ऑस्ट्रेलिया) - 935 रेटिंग अंक
2. स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) - 893 रेटिंग अंक
3. बाबर आजम (पाकिस्तान) - 879 रेटिंग अंक
4. जो रूट (इंग्लैंड) - 876 रेटिंग अंक
5. रिषभ पंत (भारत) - 801 रेटिंग अंक
