Vijay Hazare Trophy: मध्यप्रदेश ने कर्नाटक को पटखनी देकर की क्वार्टर फाइनल में एंट्री, केरल और झारखंड हुए बाहर

मध्यप्रदेश ने कर्नाटक को अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में 7 विकेट से पटखनी देकर विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

अहमदाबाद: बाएं हाथ के स्पिनर शिवांग कुमार ने पांच विकेट झटककर करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया जिससे मध्य प्रदेश ने गुरुवार को यहां स्टार खिलाड़ियों से सुसज्जित कर्नाटक को सात विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत से मध्य प्रदेश ने सात मैच में 20 अंक हासिल कर ग्रुप चरण खत्म किया और कर्नाटक (24 अंक) के बाद विजय हजारे ट्रॉफी के नॉकआउट में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी। मयंक अग्रवाल की कप्तानी में कर्नाटक की टीम ने मंगलवार को छठे दौर के बाद ही क्वार्टरफाइनल में जगह पक्की कर ली थी।

Shivang Kumar

शिवांग कुमार (फोटो क्रेडिट BCCI Domestic)

केरल और झारखंड छठे दौर के बाद 16 अंक के साथ मध्य प्रदेश के बराबर थे लेकिन दोनों बृहस्पतिवार को अपने मुकाबले गंवा बैठे जिससे क्वार्टरफाइनल में पहुंचने की उनकी उम्मीदें खत्म हो गईं। छब्बीस साल के शिवांग अपना तीसरा लिस्ट-ए मैच खेल रहे थे। उन्होंने 10 ओवर में 45 रन देकर पांच विकेट झटककर शानदार प्रदर्शन किया। उनके इस स्पेल ने कर्नाटक की छह मैच से चली आ रही जीत की लय तोड़ दी और मजबूत बल्लेबाजी क्रम के बावजूद टीम 47.4 ओवर में 207 रन पर ऑलआउट हो गई। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए मध्य प्रदेश ने बिना किसी परेशानी के 23.2 ओवर में तीन विकेट गंवाकर जीत हासिल कर ली तथा केरल और झारखंड से आगे रहकर क्वार्टरफाइनल में जगह सुनिश्चित की।

End of Feed