आईपीएल के 43वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम आमने-सामने होगी। लखनऊ ने पिछले मुकाबले में आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया था तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ 21 रन से हार का सामना करना पड़ा था। प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स 10 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है जबकि आरसीबी 8 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। जोश हेजलवुड के आने से आरसीबी मजबूत हुई है, जबकि मार्कस स्टोइनिस जबरदस्त फॉर्म में हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
पिछले सीजन में आरसीबी का पलड़ा भारी
पिछले सीजन की बात करें तो आरसीबी का पलड़ा भारी रहा है। साल 2022 में आरसीबी ने लखनऊ के खिलाफ दो मुकाबले खेले और दोनों मुकाबले में आरसीबी ने जीत दर्ज की थी।
फाफ डुप्लेसी की शानदार पारी
जब पहली बार दोनों टीम आपस में भिड़ी थी तो आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए। आरसीबी की तरफ से फाफ डुप्लेसी ने 64 गेंद पर 96 रन की पारी खेली थी। जवाब में लखनऊ की टीम 8 विकेट के नुकसान पर केवल 163 रन ही बना पाई और आरसीबी ने मुकाबला 18 रन से जीत लिया। आरसीबी की तरफ से जोश हेजलवुड ने 4 विकेट झटके।
रजत पाटीदार का तूफान
दूसरी बार जब दोनों टीम भिड़ी तो रजत पाटीदार ने आईपीएल इतिहास का पहला शतक जड़ा और लखनऊ के हर गेंदबाज की जमकर खबर ली। उन्होंने 54 गेंद पर नाबाद 112 रन की पारी खेली। पाटीदार ने अपनी इस पारी में 12 चौके और 7 छक्के लगाए। उनकी इस पारी के दम पर आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन बना सकी और आरसीबी ने 14 रन से मुकाबला जीत लिया। केएल राहुल 79 और दीपक हुड्डा ने 45 रन की पारी खेली थी। इस सीजन की बात करें तो दोनों टीम शानदार फॉर्म में चल रही है और एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
