India Playing XI: भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। इस मैदान पर टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। इस मैदान पर भारत 3-2 से आगे है, जहां 4 मैच ड्रॉ रहे हैं। इतना ही नहीं इस मैदान पर स्पिन गेंदबाजों का जलवा रहा है। यहां पेसर्स के नाम 35 जबकि स्पिनर के नाम 45 विकेट हैं। गॉल टेस्ट 165 रन से जीतने के बाद टीम इंडिया के हौसले बुलंद हैं और कोलंबो में भी उसका पलड़ा मेजबान के खिलाफ भारी रहेगा। यूं तो विनिंग टीम कॉम्बिनेशन में कोई छेड़छाड़ नहीं किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद कोलंबो में भारतीय टीम प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकती है। पहले टेस्ट में कुलदीप यादव की गेंदबाजी प्रभावी नहीं रही थी, ऐसे में कोलंबो टेस्ट में उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है।
भारत की प्लेइंग इलेवन (साभार-X)
सारांश जैन को मिल सकता है मौका
कोलंबो टेस्ट में 33 साल के सारांश जैन को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में पहली बार जगह बनाई है और उनको कोलंबो में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू मिल सकता है। 2014 में फर्स्ट क्लास डेब्यू करने वाले सारांश ने 54 मैच 27.30 की औसत से 188 विकेट चटकाए हैं। अगर ऐसा हुआ तो पिछले 30 साल में वह भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन सकते हैं।
कुलदीप को क्यों नहीं मिलेगी जगह
कुलदीप यादव के खेलने की संभावना इसलिए भी कम है, क्योंकि 22 अगस्त को उन्होंने ट्रेनिंग सेशन में भाग नहीं लिया था, जबकि सारांश जैन ने गेंदबाजी की थी। कुलदीप ने गॉल टेस्ट में 25 ओवर की गेंदबाजी की और 103 रन खर्चे थे। इस दौरान वह केवल एक विकेट ही चटका पाए थे। इसके अलावा शायद ही टीम इंडिया में कोई बदलाव होने की संभावना है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन (Probable XI)- यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, सारांश जैन, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
