हजारों मुफ्त टिकटों की मांग की वजह से छिनी चिन्नास्वामी स्टेडियम से IPL फाइनल की मेजबानी

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ द्वारा की गई दस हजार से ज्यादा मुफ्त टिकटों की मांग की वजह से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम से इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के फाइनल और प्लेऑफ मैचों की मेजबानी छिन गई। जानिए क्या है पूरा मामला?

बेंगलुरु: कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ द्वारा अतिरिक्त 10,057 मानार्थ टिकटों की मांग किए जाने के कारण एम चिन्नास्वामी स्टेडियम से इंडियन प्रीमियर लीग फाइनल और प्लेऑफ मैचों को स्थानांतरित किया गया। बीसीसीआई के एक सूत्र ने यह जानकारी दी। परंपरा के अनुसार, मौजूदा चैंपियन होने के कारण रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को फाइनल की मेजबानी करनी थी। आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने हालांकि 'पीटीआई' से कहा कि अपेक्षाकृत कम क्षमता वाले इस स्टेडियम में मानार्थ टिकटों की अत्यधिक मांग के कारण यहां फाइनल आयोजित करना ’असंभव’ हो गया था। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की क्षमता लगभग 35,000 दर्शकों की है।

RCB vs GT

आरसीबी बनाम गुजरात (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

धर्मशाला और न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएंगे प्लेऑफ मुकाबला, अहमदाबाद में फाइनल

इस सत्र के प्लेऑफ मुकाबले धर्मशाला (26 मई) और न्यू चंडीगढ़ (27 और 29 मई) में खेले जाएंगे, जबकि खिताबी मुकाबला 31 मई को नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में होगा। सूत्र ने बताया,'केएससीए स्टेडियम क्षमता के 15 प्रतिशत तक मानार्थ टिकट पाने का हकदार है। हालांकि, केएससीए ने अतिरिक्त 10,057 टिकटों की मांग की थी।' इनमें से लगभग 900 पास केवल राज्य विधानसभा के सदस्यों की मांग पूरी करने के लिए आवश्यक थे। उन्होंने कहा,'केएससीए ने विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को तीन-तीन मानार्थ पास देने पर सहमति जताई थी, जो कुल मिलाकर लगभग 900 पास होते हैं।' उन्होंने कहा,'इसके अलावा, विशेषज्ञ समिति और कर्नाटक सरकार के साथ अतिरिक्त प्रतिबद्धताओं के लिए मानक 15 प्रतिशत के अलावा 750 अतिरिक्त मानार्थ टिकटों की आवश्यकता थी।' इससे प्रशंसकों के लिए सिर्फ 20,000 टिकट ही बचते।

End of Feed