अहमदाबाद: अयोध्या में 22 जनवरी को नवनिर्मित मंदिर में रामलला की प्राणप्रतिष्ठा की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। समूचा भारतवर्ष पिछले कुछ दिनों से श्रीराम के रंग में रंगा हुआ है। हर तरभ भगवान श्रीराम नाम की गूंज है। ऐसे में क्रिकेट का मैदान इससे अछूता कैसे रहता। भारतीय टेस्ट टीम में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए शामिल किए गए विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ जड़ा मैच जिताऊ शतक भगवान श्रीराम को समर्पित किया।
केएस भरत
शतक जड़ने के बाद किया तीर चलाने का इशारा
शतक जड़ने के बाद केएस भरत ने बैट को धनुष का रूप दिया और उससे बांण चलाने का इशारा किया। उनके शतक जड़ने के दो दिन बाद प्राणप्रतिष्ठा से पहले यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। केएस भरत के ऐसा करने की हर तरफ तारीफ हो रही है। उनका ये वीडियो राम भक्तों के बीच वायरल हो गया और चर्चा का विषय बन गया।
दिग्गज खिलाड़ियों को मिला है निमंत्रण
22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राणप्रतिष्ठा के कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भारत के कई पूर्व और दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ियों को मिला है। जिसमें कपिल देव, सुनील गावस्कर, एमएस धोनी, विराट कोहली, अनिल कुंबले, वेंकटेश प्रसाद जैसे कई खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। कुंबले और वेंकटेश प्रसाद को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए लखनऊ से होते हुए अयोध्या पहुंच चुके हैं।
खेली 116 रन की नाबाद पारी
केएस भरत ने भारतीय टीम को इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ शानदार शतक जड़कर संभावित हार से बचा लिया और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। उन्होंने छठे विकेट के लिए नाबाद 207 रन की साझेदारी मानव सुथार के साथ की थी। भरत 165 गेंद में 116 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे थे। ऐसे में हैदराबाद में 25 जनवरी से खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच में प्लेइंग-11 में भरत को शामिल किए जाने की पूरी संभावना है। दक्षिण अफ्रीका में विकेटकीपर की भूमिका निभाने वाले केएल राहुल स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के रूप में उतर सकते हैं।
