India vs Bangladesh 2nd test: भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज के दूसरे व अंतिम मुकाबले से पहले टीम इंडिया को एक और झटका लगने की खबर है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक मीरपुर में गुरुवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले अभ्यास सत्र के दौरान केएल राहुल (KL Rahul) चोटिल हो गए हैं।
केएल राहुल हुए चोटिल (AP)
टीम इंडिया के नियमित कप्तान रोहित शर्मा पहले ही चोटिल होने की वजह से दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो चुके हैं। अब उनकी जगह कप्तानी कर रहे टीम के उपकप्तान केएल राहुल भी चोटिल हो गए हैं। एक ताजा रिपोर्ट की मानें तो जब केएल राहुल मीरपुर में थ्रो-डाउन लेते हहुए बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे थे, तब उनके हाथ पर गेंद लगने से वे चोटिल हो गए हैं।
हालांकि टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कुछ राहत जरूर दी है। उन्होंने कहा, "उनकी चोट गंभीर नहीं लग रही है। वो ठीक लग रहे हैं। उम्मीद है कि वो ठीक हो जाएंगे। डॉक्टर्स ने अपनी नजरें उन पर बनाए रखी हैं, लेकिन पूरी उम्मीद है कि वो फिट हो जाएंगे।"
कौन होगा कप्तान?
नियमित कप्तान रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद अब केएल राहुल का भी चोटिल होना टीम के लिए मुश्किल का सबब बनता दिख रहा है। ऐसे में सवाल ये है कि अगर केएल राहुल दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहे तो कौन टीम की कप्तानी करेगा? ऐसे में पूरी उम्मीद है कि केएल राहुल के साथ पहले टेस्ट में उपकप्तानी कर रहे चेतेश्वर पुजारा टीम की कमान संभालते नजर आएंगे।
कौन होगा ओपनर?
वहीं, अगर बात की जाए ओपनिंग की, तो केएल राहुल अगर गैरमौजूद रहे तो उनका स्थान अभिमन्यु ईश्वरन (Abhimanyu Easwaran) को सौंपा जा सकता है। ईश्वरन को हाल ही में टीम इंडिया से जोड़ा गया था जब रोहित शर्मा चोटिल हुए थे। विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने के लिए टीम में जगह के रूप में उनको तोहफा मिला था। अब अगर राहुल मैदान पर नहीं उतरे तो ईश्वरन को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।
