नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के आगाज से दो सप्ताह पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम को करारा झटका लगा है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज केविन पीटरसन ने टीम का साथ छोड़ दिया है। पीटरसन पिछले सीजन टीम के साथ बतौर मेंटर जुड़े थे और टीम ने उनके साथ रहते अच्छा प्रदर्शन किया था। लेकिन नए सीजन के आगाज से ठीक पहले उन्होंने कहा है कि वो इस फैंचाइज़ी के साथ काम जारी नहीं रख पाएंगे।
केविन पीटरसन (फोटो क्रेडिट kevin pietersen X)
बतौर कमेंटेटर आईपीएल में दिखेंगे पीटरसन
केविन पीटरसन ने हिंदी में एक्स पर लिखे पोस्ट में कहा, 'मैं आईपीएल के इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए मेंटर नहीं बन सकता। मैं उस समय के लिए प्रतिबद्ध नहीं हो सकता,जो काम की आवश्यकता है। सभी खिलाड़ियों को इस सीजन के लिए शुभकामनाएं!हालांकि मैं आपको कॉम बॉक्स में वापस देखूंगा! आईपीएल दुनिया की सबसे अच्छी लीग है और मैं आप सभी को जल्द ही देखने के लिए इंतज़ार नहीं कर सकता!
ऐसा है दिल्ली कैपिटल्स का कार्यक्रम
दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 01 अप्रैल को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगी। सीजन का आगाज 28 मार्च को गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरू में भिड़ंत के साथ होगा। दिल्ली कैपिटल्स अपना दूसरा मैच मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 4 अप्रैल को नई दिल्ली में खेलेगी। यह घर पर उनका पहला मैच होगा। इसके बाद दिल्ली की टीम गुजरात टाइटन्स से 8 अप्रैल को नई दिल्ली में और अंत में चेन्नई सुपर किंग्स से उसके घर पर 11 अप्रैल को भिड़ेगी।
ऐसा रहा था दिल्ली कैपिटल्स की पिछले सीजन प्रदर्शन
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पिछले सीजन खेले 14 मैच में से सात में जीत दर्ज की थी और 6 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। अंक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। जिसकी वजह से दिल्ली प्लेऑफ में पहुंचने से चूक गई थी।
