श्रीलंका क्रिकेट की नई सनसनी बनकर उभरे बांए हाथ के 25 वर्षीय बल्लेबाज कमिंदु मेंडिस का बल्ला टेस्ट क्रिकेट में रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कमिंदु मेंडिस ने लगातार आठ टेस्ट में 50 रन से ज्यादा की 8 पारियां खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के बाद गॉल में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दूसरा और अपने करियर का 5वां टेस्ट शतक महज 13 पारियों में पूरा कर लिया। कमिंदु 182 रन की नाबाद पारी खेलकर पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने शानदार छक्के के साथ सर डॉन ब्रैडमैन के टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने के रिकॉर्ड की बराबरी की।
कमिंदु मेंडिस
सर डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुंचे
टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज एक हजार रन बनाने के मामले में कमिंदु मेंडिस सर डॉन ब्रैडमैन के साथ दूसरे पायदान पर साझा रूप से पहुंच गए हैं दोनों ने ये उपलब्धि 13वीं पारी में हासिल की। टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज 1 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के हरबर्ट सुटक्लिफ और वेस्टइंडीज के इवर्टन वीक्स के नाम दर्ज है। दोनों ने करियर की 12वीं टेस्ट पारी में ये उपलब्धि हासिल की थी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप इतिहास में सबसे तेज एक हजार रन बनाने का रिकॉर्ड कमिंदु मेंडिस के नाम दर्ज हो गया है।
ऐसा रहा है अबतक प्रदर्शन
कमिंदु मेंडिस के खाते में अबतक खेले 8 टेस्ट की 13 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 91.27 के औसत से 1004 रन बना लिए हैं। इसमें 5 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 182 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
शानदार रहा है टेस्ट करियर
कमिंदु मेंडिस ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू के बाद शानदार कंसिस्टेंसी दिखाई है। डेब्यू टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कमिंदु ने 61 रन की पारी खेली थी। इसके बाद बांग्लादेश दौरे पर उन्होंने सिल्हट टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने का कारनामा कर दिखाया। इसके बाद चटगांव टेस्ट में भी उनका बल्ला चला लेकिन वो 92 रन बनाकर नाबाद रहे और लगातार तीसरा शतक नहीं जड़ सके।
इंग्लैंड दौरे पर भी जड़ा शतक
इंग्लैंड दौरे पर कमिंदु ने शानदार बल्लेबाजी की और मैनचेस्टर टेस्ट में शानदार शतक जड़ा। ओवल टेस्ट में टीम की जीत में भी अहम भूमिका अदा की। इसके बाद अपने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में लगातार दो टेस्ट शतक जड़े। उन्होंने 114 रन पहले टेस्ट में बनाए और दूसरे टेस्ट में भी शानदार शतक जड़कर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। कमिंदु 182 रन की नाबाद पारी खेलकर पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने शानदार छक्के के साथ सर डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड की बराबरी की।
