स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। द हंड्रेड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए 20 गेंद पर नाबाद 51 रन की पारी खेलकर जोस बटलर (Jos Buttler) ने टी20 क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) के टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। हालांकि, नया विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद उन्होंने भविष्यवाणी कर दी कि वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) एक दिन इस रिकॉर्ड को छीन सकते हैं।
जोस बटलर ने की वैभव सूर्यवंशी की तारीफ। फाइल फोटो
'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और वेल्श फायर के बीच मैच के दौरान बटलर ने कीरोन पोलार्ड के टी20 करियर के कुल रनों के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ा। यह उनके व्हाइट-बॉल करियर में एक और बड़ी उपलब्धि है। मैच में बाद उन्होंने अपनी हालिया फॉर्म में वापसी पर बात की और मजाक में कहा कि भारत के वैभव सूर्यवंशी भविष्य में उनसे यह रिकॉर्ड छीन सकते हैं।
'मैंने वही किया है'
स्काई क्रिकेट से बात करते हुए बटलर ने कहा, यह मजेदार है कि क्रिकेट कितनी तेजी से बदल सकता है। एक दिन आप हीरो होते हैं, तो दूसरे दिन जीरो। कुछ महीने पहले मैं फॉर्म के लिए संघर्ष कर रहा था। और फिर, खासकर पिछले कुछ हफ्तों में, मुझे ऐसा लगता है कि मैं अपनी अब तक की सबसे अच्छी बैटिंग कर रहा हूं। इसमें बहुत मजा आया है। आपके पास सिर्फ दो विकल्प होते हैं। या तो आप हार मान लें या फिर आगे बढ़ते रहने और अपनी फॉर्म वापस पाने की कोशिश करने की हिम्मत जुटाएं। तो इन्हीं चीजों पर मैंने ध्यान दिया है। मुझमें वापस उस मुकाम पर पहुंचने की हिम्मत और दृढ़ संकल्प था और मैंने वही किया है।'
'उसका नाम सूर्यवंशी होगा'
बटलर ने कहा, यह सोचना वाकई बहुत अच्छा लगता है कि आपके नाम सबसे ज्यादा T20 रन हैं। कोई न कोई एक दिन इसे जरूर तोड़ेगा और शायद उसका नाम सूर्यवंशी होगा। लेकिन हां, यह गर्व का पल है। असल में, हमने पिछला मैच MI लंदन के खिलाफ खेला था, अच्छा होता अगर मैं 'पॉली' (कीरोन पोलार्ड) के सामने उनसे आगे आगे निकल पाता, जब वे डगआउट में बैठे थे। वहां कई बड़े नाम और खास खिलाड़ी थे, इसलिए मुझे इस बात पर सच में गर्व है।
वैभव ने खींचा है दुनिया का ध्यान
बटलर से सूर्यवंशी का जिक्र इस बात को दिखाता है कि इस 15 साल के भारतीय युवा ने कितनी कम उम्र में अपनी पहचान बना ली है। उनकी निडर बैटिंग और जबरदस्त पावर ने उन्हें दुनिया भर के क्रिकेट में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाले युवा खिलाड़ियों में से एक बना दिया है।
