इंग्लैंड के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो भारत के खिलाफ 5 मैच की टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। चयनकर्ताओं द्वारा उन्हें नजरअंदाज किए जाने के बावजूद इस खिलाड़ी को इंग्लैंड टीम में वापसी का भरोसा है। बेयरस्टो को इंग्लैंड की जर्सी में अपना आखिरी मुकाबले खेले एक साल से ज्यादा का वक्त हो चुके हैं। उनका पिछला मैच बेहद खराब रहा था, क्योंकि वह शून्य पर आउट हो गए थे और इंग्लैंड का टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में सफर खत्म हो गया था। जब पिछली बार इंग्लैंड की टीम, भारत के हाथों 4-1 से सीरीज़ हारी थी तो उसके बाद जॉनी बेयरस्टो सहित इंग्लैंड की टीम में कुछ बड़े बदलाव हुए थे। बेयरस्टो की जगह फिलहा एंडरसन तेंदुलकर सीरीज में जेमी स्मिथ खेल रहे हैं जो शानदार फॉर्म में हैं।
जॉनी बेयरस्टो (साभार-ICC)
बेयरस्टो सेंट्रल कांट्रैक्ट में होने के बावजूद टीम का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि, यह कांट्रैक्ट अक्टूबर में समाप्त होने जा रहा है। 2026 के टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए, व्हाइट बॉल में इंग्लैंड के कप्तान, हैरी ब्रुक, ऐसे खिलाड़ियों की तलाश में हैं जो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का सामना कर सकें, और बेयरस्टो का मानना है कि वह इसके लिए बेस्ट ऑप्शन हैं।
बेयरस्टो ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, "मैं अभी भी कांट्रैक्ट का हिस्सा हूं। मैंने खुद को लेकर ज्यादा कुछ नहीं सोचा है, लेकिन ब्रूकी (हैरी ब्रूक) ने कहा कि उन्हें कुछ खास तरह के खिलाड़ी चाहिए जो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का सामना कर सकें, और मैं निश्चित रूप से उस ढांचे में फिट बैठता हूं और लंबे समय से ऐसा कर रहा हूं।" फिटनेस के नज़रिए से, मैंने टखने की चोट से वापसी के बाद से एक भी मैच नहीं छोड़ा है।
मौजूदा वाइटैलिटी ब्लास्ट 2025 में, बेयरस्टो ने यॉर्कशायर के लिए सात मैचों में 25.28 की औसत से 177 रन बनाए हैं और 165.42 की प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। इस अनुभवी स्टार ने यॉर्कशायर के साथ काउंटी चैंपियनशिप में और भी शानदार प्रदर्शन किया है, जहाँ उन्होंने 49.58 की औसत से 595 रन बनाए हैं और नौ छक्के लगाए हैं।
