IND vs ENG: इंग्लैंड को दूसरी पारी को 192 रन पर समेटने के बाद टीम इंडिया लॉर्ड्स टेस्ट के ड्राइविंग सीट पर है। दूसरी पारी में इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक 40 रन की पारी जो रूट ने खेली। वह अर्धशतक लगाने से चूक गए और वाशिंगटन सुंदर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। हालांकि, रूट के पास इस मैच में टीम इंडिया की दीवार कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ने का मौका था, लेकिन वह 30 रन से चूक गए। रूट ने कप्तान बेन स्टोक्स के साथ 67 रनों की अहम साझेदारी की।
जो रूट (साभार-X ICC)
तोड़ सकते थे राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड
रूट अभी टेस्ट में पांचवें सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 156 टेस्ट मैचों की 285 पारियों में 50.80 की औसत से 13,259 रन बनाए हैं, जिसमें 37 शतक और 66 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 262 रन है। अब तक सीरीज में रूट ने छह पारियों में 50.60 की औसत से 253 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है, तथा उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104 रन है। द्रविड़ 164 टेस्ट मैचों की 256 पारियों में 52.31 की औसत से 36 शतकों और 63 अर्धशतकों के साथ 13,288 रन बनाकर चौथे स्थान पर हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 270 है।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 53.78 की औसत से 15,921 रन बनाए हैं, जिसमें 51 शतक और 68 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 248* है।
मैच की बात करें तो भारत के सामने इंग्लैंड ने 193 रन का लक्ष्य रखा है। इंग्लैंड ने चौथे दिन की शुरुआत 2/0 से की थी। लेकिन मोहम्मद सिराज ने छठे ओवर में डकेट को 12 रन पर आउट करके मेजबान टीम को शुरुआती झटका दिया। पहले सेशन में ड्रिंक्स से ठीक पहले, सिराज ने पोप को सिर्फ़ चार रन पर आउट करके पारी का अपना दूसरा विकेट लिया। उसके बाद इंग्लैंड को तीसरा झटका नीतीश कुमार रेड्डी ने क्राउली को आउट करके दिया। रूट और स्टोक्स ने 67 रन जोड़कर कुछ देर तक पारी संभाली लेकिन पहले वाशिंगटन सुंदर और फिर बुमराह की खतरनाक स्पेल ने उसे 192 रन पर रोक दिया।
इससे पहले, सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के शतक और बाएं हाथ के बल्लेबाज रवींद्र जडेजा के 72 रनों की बदौलत भारत ने शनिवार को लॉर्ड्स में 387 रनों का स्कोर बनाया था, और इंग्लैंड की पहली पारी के स्कोर की बराबरी की थी।
