28 अगस्त से शुरू हो रहे विमेंस एशिया कप से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। भारतीय महिला टीम की प्रमुख बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्स सदर्न ब्रेव तरफ से खेलते हुए मांसपेशियों में खिंचाव (हैमस्ट्रिंग) के कारण मौजूदा ’द हंड्रेड’ क्रिकेट टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं और उनका आगामी महिला टी20 एशिया कप में खेलना भी संदिग्ध है। सदर्न ब्रेव ने शनिवार को पुष्टि की कि टूर्नामेंट के शेष मैचों के लिए जेमिमा की जगह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया गया है।
जेमिमा रॉड्रिग्स (साभार-X)
सदर्न ब्रेव ने एक्स पर पोस्ट किया, ’’हम पुष्टि करते हैं कि जेमिमा रॉड्रिग्स के चोट के कारण ’द हंड्रेड’ से बाहर हो जाने के बाद बाकी बचे मैचों के लिए उनकी जगह चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया गया है। जेमी हम आपके जल्द से जल्द फिट होने की कामना करते हैं।’’ यह सदर्न ब्रेव की टीम के लिए भी झटका है, क्योंकि जेमिमा दो मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रह चुकी थीं। सदर्न ब्रेव के दो मुकाबले बाकी हैं और उसका फाइनल में पहुंचना तय माना जा रहा है। सदर्न ब्रेव ने जेमिमा के रिप्लेसमेंट के तौर पर ऑस्ट्रेलियाई बैटर चार्ली नॉट को शामिल कर लिया है।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- टीम इंडिया पर इंजरी की एक और मार, चोट के कारण श्रीलंका दौरे से बाहर हुए सुदर्शन
25 वर्षीय जेमिमा ने ब्रेव की तरफ से छह पारियों में 35.75 के औसत और 131.19 के स्ट्राइक रेट से 143 रन बनाए। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 42 रन रहा।
महिला टी20 एशिया कप 28 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें भारत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा। जेमिमा के पास इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट तक फिट होने के लिए लगभग तीन सप्ताह का समय है। टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में 3 मुकाबला खेलेगी। दूसरा मुकाबला 3 सितंबर को हांगकांग से जबकि तीसरा और आखिरी लीग मुकाबला 5 सितंबर को पाकिस्तान से खेला जाना है। पहला और दूसरा सेमीफाइनल 10 और 11 सितंबर को खेला जाएगा जबकि फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा।
