हरारे: 'प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज' चुने जाने के बाद भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इसे अपने लिए ’सपना सच होने जैसा’ पल बताया और टीम प्रबंधन का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उन्हें हमेशा अपना स्वाभाविक टी20 खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में तीन पारियों में 151 रन बनाए और 50.33 की औसत से रन जुटाए।
वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट BCCI X)
शानदार रहा सीरीज में वैभव का प्रदर्शन
पहले टी20 मुकाबले में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मात्र 19 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ा था जबकि तीसरे मैच में उन्होंने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 81 रन बनाए और भारत को जिम्बाब्वे पर 3-0 से क्लीन स्वीप दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में सूर्यवंशी ने कहा,'मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा है। पहला ’प्लेयर ऑफ द मैच’ और ’प्लेयर ऑफ द सीरीज’ पुरस्कार मिला है। यहां मेरी तैयारी भी काफी अच्छी रही।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Vaibhav Sooryavanshi's New World Record: प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा शाहिद अफरीदी का 30 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड
कोच और कप्तान ने दिया पूरा साथ
सूर्यवंशी ने आगे कहा,'कोच, कप्तान और पूरी टीम ने मेरा पूरा साथ दिया। मैंने अपना स्वाभाविक टी20 खेल खेलने की कोशिश की। मेरा प्रयास टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने का रहता है और अगर शुरुआत अच्छी मिले तो बड़ी पारी खेलने की कोशिश करता हूं। मैं यहां अंडर-19 विश्व कप भी खेल चुका हूं और मुझे यहां बल्लेबाजी करना अच्छा लगता है। अभ्यास में जो करता हूं, वही मैच में दोहराने की कोशिश करता हूं।'
सबसे युवा प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले प्लेयर
वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी भी बन गए है। सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने का उन्होंने शाहिद अफरीदी का 30 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। 1996 में अफरीदी ने 16 साल 215 दिन की उम्र में श्रीलंका के खिलाफ नैरोबी में 37 गेंद में वनडे शतक जड़कर ये उपलब्धि हासिल की थी। लेकिन वैभव ने 15 साल 121 दिन की उम्र में दो वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।
(भाषा इनपुट के साथ)
