Ishan Kishan Wicket Controversy: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 41वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम की तरफ से तीसरे नंबर पर उतरे किशन एक बार फिर से कमाल करने में फेल रहे। इशान किशन ने इस साल IPL की शानदार शुरुआत की थी, लेकिन बाद के मैचों में उनका प्रदर्शन धीमा रहा। आज मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ भी वह सस्ते में आउट हो गए। वे जिस तरह से आउट हुए अब उस पर बवाल मच गया है और हर तरफ उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
इशान किशन (फोटो- AP)
सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के दूसरे ओवर में दीपक चाहर ने किशन के सामने लेग साइड पर गेंद डाली जिसे किशन ने खेलने की कोशिश की बाद में विकेटकीपर रिकल्टन ने कैच लपक लिया, लेकिन चाहर समेत किसी भी MI खिलाड़ी ने अपील नहीं की। इसके बावजूद अंपायर ने इशान को आउट दे दिया, और वह बिना कोई डीआरएस लिए पवेलियन लौट गए।
हालांकि, रिप्लेज से पता चला कि गेंद बल्ले से नहीं लगी थी और स्निकोमीटर पर भी कोई स्पाइक नहीं दिखा। यह देखकर सभी हैरान रह गए कि इशान ने DRS क्यों नहीं लिया? आमतौर पर बल्लेबाज ऐसे मौकों पर तुरंत रिव्यू लेते हैं, लेकिन इशान ने अपने साथी बल्लेबाज से भी सलाह नहीं की। यहां तक की वे गेंद के निकलते ही पवेलियन की ओर लौटने लगे थे जिसके चलते अंपायर को भी लगा कि वे आउट हैं और उन्हें आउट दे दिया गया।
हैदराबाद को भारी पड़ा फैसला
इशान के इस फैसले ने हैदराबाद को भारी पड़ा, क्योंकि टीम की शुरुआती पारी पूरी तरह धराशायी हो गई। हैदराबाद नौवें ओवर तक सिर्फ 35 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी। अब तक हैदराबाद ने सिर्फ 2 मैच जीते हैं, जबकि MI ने 8 में से 4 मैचों में जीत दर्ज की है और लगातार तीन जीत के बाद वह चौथी जीत की ओर बढ़ रहे हैं।
