स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी के बीच ईस्ट जोन की यादगार दिलीप ट्रॉफी जीत के बाद एक मजेदार पल देखने को मिला। साउथ जोन के खिलाफ फाइनल में ईस्ट जोन की कप्तानी करने वाले ईशान किशन ने अपने 15 साल के डिप्टी के साथ बातचीत के दौरान एक बड़ी भविष्यवाणी कर दी। ईशान ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए उन्हें भविष्य का कप्तान बता दिया।
ईशान किशन ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में कही बड़ी बात। फाइल फोटो
बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस बातचीत का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में ईशान किशन ने वैभव सूर्यवंशी की लीडरशिप क्वालिटी की तारीफ की और कहा कि सूर्यवंशी का भविष्य एक कप्तान के तौर पर शानदार हो सकता है।
ईशान किशन ने की भविष्यवाणी
किशन ने कहा, हां, वह वैभव ही था! हां। शायद भविष्य का कप्तान? देखते हैं आगे क्या होता है। लेकिन टीम में उसका होना बहुत अच्छी बात है क्योंकि एक बहुत अच्छे खिलाड़ी से ज्यादा, वह एक बहुत अच्छा लड़का है जो टीम में हर किसी का ख्याल रखता है, चाहे वह जूनियर खिलाड़ी हो या सीनियर।
फिर किशन ने मजाक में अपनी बात सुधारी जब उन्होंने सूर्यवंशी के जूनियर होने की बात की। ईशान किशन ने कहा, 'अच्छा, जूनियर तो तुम ही हुए, सॉरी, सॉरी। यह एक ऐसी खूबी है जो मुझे उसमें बहुत पसंद है। उम्मीद है कि वह आज जितना खतरनाक है, उससे भी ज्यादा खतरनाक बनेगा। मुझे लगता है कि यह उसका पहला या आखिरी मौका नहीं होगा। मुझे लगता है कि वह ऐसे और भी कई मैच खेलेगा और इसी तरह अच्छा प्रदर्शन करता रहेगा।
ईस्ट जोन ने 13 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। कप्तान ईशान किशन की अगुवाई में टीम ने साउथ जोन को पहली पारी की बढ़त के आधार पर हराया और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबला पूरी तरह से ईस्ट जोन के नाम रहा।
13 साल बाद ईस्ट जोन जीती ट्रॉफी
फाइनल में ईशान किशन पोस्टर बॉय बनकर उभरे। उन्होंने पहली पारी में 270 रनों की शानदार पारी खेली। किशन ने अपनी पारी में 334 गेंदों का सामना किया और 522 मिनट तक क्रीज पर टिके रहे। हालांकि क्रैम्प के कारण 250 पर रिटायर्ड हर्ट होने के बाद वह फिर से वापस आए और 20 रन और जोड़कर 270 रन पर आउट हुए। किशन ने दूसरी पारी में भी 80 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मैच में उनके कुल 350 रन ने ही साउथ जोन से गेम छीन लिया।
