क्या भारतीय क्रिकेट के नए वंडर ब्वॉय हैं IPL में धमाल मचा रहे वैभव सूर्यवंशी?

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी अपनी आतिशी बल्लेबाजी के दम पर भारत के साथ-साथ विश्व क्रिकेट में एक जाना पहचाना नाम बन गए हैं। इतनी छोटी सी उम्र में वैभव ने दुनियाभर के दिग्गज गेंदबाजों के आईपीएल में छक्के छुड़ा दिए हैं। उन्हें सचिन तेंदुलकर की तरह भारतीय क्रिकेट का नया वंडर ब्वॉय कहा जा रहा है। जानिए कितना तार्किक है ये दावा?

भारतीय क्रिकेट के गलियारों में एक नाम की गूंज पिछले एक दो सालों में लगातार सुनाई दे रही है। वो खिलाड़ी है बिहार के समस्तीपुर जिले से ताल्लुक रखने वाले वैभव सूर्यवंशी। वैभव ने महज 15 साल की उम्र में अपने बल्ले से पूरी दुनिया में हाहाकार मचा दिया है। दुनियाभर में वो जहां भी खेलने गए वहां अपने नाम का डंका बजवाने में सफल रहे। जिस उम्र में बच्चे स्कूल में दोस्तों के साथ मटर-गस्ती करने और भविष्य के सुनहरे सपने देखने में व्यस्त होते हैं। उस उम्र में वैभव आईपीएल में दुनिया के दिग्गज से दिग्गज गेंदबाजों के छक्के छुड़ाकर हर किसी का ध्यान अनायास ही अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। लोग उन्हें क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर की तरह भारतीय क्रिकेट का नया वंडर ब्वॉय करार दे रहे हैं। आइए जानने की कोशिश वैभव को सचिन तेंदुलकर जैसा प्रतिभाशाली कहना कितना तार्किक है?

Vaibhav suryavanshi

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

13 साल की उम्र में आईपीएल में हुए नीलाम

वैभव सूर्यवंशी के नाम की गूंज दुनियाभर के क्रिकेट गलियारों में पहली बार आईपीएल 2025 के लिए हुई नीलामी के दौरान सुनाई दी थी। महज 13 साल की उम्र में वैभव नीलामी में उतरे और राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें अपनी टीम में 1.1 करोड़ रुपये की कीमत पर शामिल किया। टीम इंडिया को साल 2024 में टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले और भारतीय क्रिकेट की नई पीढ़ी को निखारने वाले कोच राहुल द्रविड़ की देखरेख में वैभव को आईपीएल में डेब्यू करने का मौका मिला। वैभव ने 14 साल 23 दिन की उम्र में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में अपने आईपीएल करियर की धमाकेदार शुरुआत पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर की। उसके बाद जो हुआ वो किसी करिश्मे से कम नहीं था। वैभव ने अपनी पहली पारी में 20 गेंद में 34 रन बनाए।

End of Feed