ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल ऑफ स्पिनर नाथन लॉयन को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं शामिल किया गया है। टीम के स्टार स्पिनर को घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किए जाने के निर्णय पर ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बैली ने कहा कि इसकी वजह लॉयन स्वयं हैं। हालिया मैचों में वो गेंदबाजी में अपनी छाप छोड़ पाने में नाकाम रहे। ऐसे में 29 वर्षीय स्पिन कोरी रोकेकियोली को 13 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज का आगाज 9 दिसंबर को पर्थ में होगा। लॉयन सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। इस बारे में बैली ने कहा, दुर्भाग्यवश पिछले कुछ मैचों में वो अपना प्रभाव नहीं छोड़ सके जो हमें पसंद आता।
नॉथन लॉयन (फोटो क्रेडिट ANI X)
पिछले कुछ साल नहीं मचा पाए धमाल
पिछले कुछ सालों में लॉयन का प्रदर्शन फीका रहा है। पिछले 12 टेस्ट मैच में वो केवल एक बार पारी में चार विकेट अपने नाम कर सके। इस दौरान उन्होंने 29.38 के औसत और 59.23 के स्ट्राइक रेट से केवल 39 विकेट अपने नाम किए। मौजूदा साल में उनके प्रदर्शन में ज्यादा गिरावट आई है। पिछले चार टेस्ट में वो केवल 10 विकेट अपनी झोली में 41.20 के औसत और 93.3 के स्ट्राइक रेट से डालने में सफल हुए। 25 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
खराब प्रदर्शन की वजह से खोया भरोसा
भारत के खिलाफ अगले साल खेली जाने वाली पांच मैच की टेस्ट सीरीज के लिए चयनकर्ता लॉयन पर भरोसा नहीं जता पा रहे हैं। ऐसे में कीवी टीम के खिलाफ घर पर ही उन्होंने नए खिलाड़ी को आजमाने का फैसला किया है जिससे के भारत दौरे से पहले वो खुद को साबित कर सकें। टीम से बाहर जाने के बाद लॉयन के पास घरेलू क्रिकेट में खुद को साबित करने का मौका है। हो सकता है उन्हें भारत दौरे के लिए टीम में जगह मिल जाए लेकिन प्लेइंग-11 में शामिल होना दूर की कौड़ी साबित हो सकती है। भारतीय टीम के खिलाफ अगर लॉयन ऑस्ट्रेलिया की सबसे कमजोर कड़ी साबित हुए तो इसका खामियाजा पूरी टीम को भुगतना पड़ेगा। ये बात जॉर्ज बैली की अध्यक्षता वाली चयन समिति समझ रही है और समय रहते इस समस्या का समाधान ढूंढने की दिशा में आगे बढ़ गई है।
13 साल बाद होने जा रहा है बड़ा बदलाव
ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाजी आक्रमण में 13 साल बाद बड़ा बदलाव हो रहा है। जॉर्ज बैली ने कहा, लॉयन के साथ बातचीत चुनौतीपूर्ण थी। हम आशा करते हैं कि यह उनके करियर का समापन नहीं है। भारत के खिलाफ अगले साल जनवरी में भारतीय सरजमीं पर खेली जाने वाली पांच मैच की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में उनकी अनुभव टीम के लिए अहम साबित होगा। भारत में 39 वर्षीय नाथन लॉयन का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने भारत में खेले 11 मैच की 19 पारी में 27.35 के औसत और 51.7 के स्ट्राइक रेट से 56 विकेट चटकाए हैं। इसमें 5 बार पारी में पांच विकेट शामिल हैं। 50 रन देकर 8 विकेट उनका एक पारी में और 99 रन देकर 11 विकेट एक मैच में भारतीय सरजमीं पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। ऐसे ही प्रदर्शन की आशा उनसे टीम कर रही है लेकिन वो उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पा रहे हैं।
कौन हैं कोरी रोकेकियोली?
लॉयन की जगह ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल हुए कोरी रोकेकियोली वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्हें पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है। बतौर ऑफ स्पिनर करियर में अबतक खेले 59 प्रथम श्रेणी मैच में उन्होंने 30.62 के औसत से 205 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने 6 बार पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। 52 रन देकर 7 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। सबसे अच्छी बात है कि उन्हें घरेलू परिस्थितियों में अपने होम ग्राउंड पर टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है। अगर कीवी टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके रोकेकियोली टीम में अपनी जगह पक्की करने में सफल हुए तो नॉथन लॉयन के शानदार टेस्ट करियर का खामोश अंत हो जाएगा।
ऐसा रहा है लॉयन का टेस्ट करियर
नाथन लॉयन ने साल 2011 में गॉल में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उसके बाद उन्होंने 15 साल लंबे करियर में 145 टेस्ट की 269 पारी में 30.34 के औसत से 577 विकेट अपने नाम किए। इसके बाद वो ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभाले रहे। उन्होंने करियर में 24 बार पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए। वहीं 5 बार मैच में 10 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए। 50 रन देकर 8 विकेट उनका एक पारी में और 154 रन देकर 13 विकेट एक मैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
