सिडनी: ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में टी20 विश्व कप 2022 के आगाज में अब केवल 8 दिन का वक्त शेष है। 16 अक्टूबर को टूर्नामेंट का आगाज होने जा रहा है। चोटें तकरीबन सभी टीमों के लिए परेशानी का विषय बनी हुई हैं। ऐसी स्थिति में आयरलैंड की टीम भी आ खड़ी हुई है। आयरलैंड के धाकड़ तेज गेंदबाज क्रेग यंग चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। साल 2014 में आयरलैंड के लिए डेब्यू करने के बाद से टीम के गेंदबाजी आक्रमण की मुख्य कड़ी बने हुए हैं। ऐसे में उनका बाहर होना टीम के लिए एक बड़ा झटका है।
Image Credit: T20 World Cup
ग्राह्म ह्यूम को मिली है टीम में जगह
क्रेग यंग की जगह टीम में 31 वर्षीय ग्राह्म ह्यूम को शामिल किया गया है। जिन्होंने इसी साल जुलाई में अपने करियर का आगाज किया है और अबतक केवल एक अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेल सके हैं। टी20 विश्व कप की टीम से बाहर होने के बाद यंग जांच और इलाज के लिए स्वदेश लौटेंगे। वहीं ह्यूम को तत्काल ऑस्ट्रेलिया पहुंचने को कहा गया है जिससे कि वो टूर्नामेंट के आगाज से पहले दोनों अभ्यास मैच में खेल सकें।17 अक्टूबर को आयरलैंड करेगी अपने अभियान का आगाज
आयरलैंड को विश्व कप में ग्रुप बी में जगह मिली है। 17 अक्टूबर को वो जिंबाब्वे के खिलाफ अपना पहला मैच खेलने उतरेगी। मुख्य दौर के मैचों से पहले आयरलैंड की टीम नामीबिया और श्रीलंका के खिलाफ 11 और 13 अक्टूबर को मेलबर्न में अभ्यास मैच खेलेगी। इसके लिए आयरलैंड की टीम 9 अक्टूबर को मेलबर्न पहुंचेगी। आयरलैंड ने साल 2021 में भी टी20 विश्व कप में शिरकत की थी। लेकिन निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वो सुपर-12 दौर में पहुंचने में नाकाम रही थी। इस बार भी ग्रुप ए और ग्रुप बी से टॉप दो टीमें सुपर-12 दौर में पहुंचेगी।टी 20 विश्व कप के लिए आयरलैंड की टीम:
एंड्रयू बलबर्नी (कप्तान), पॉल स्टर्लिंग (उप-कप्तान), मार्क अडेर, कर्टिस कैंफर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, स्टीफन डोहेनी, फिओन हैंड, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, कॉनर ओल्फर्ट, सिमी सिंह, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर, ग्राहम ह्यूम।
