SRH vs KKR: आईपीएल 2026 के 45वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को कोलकाता नाईट राइडर्स ने 7 विकेट से हरा दिया। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले का टॉस सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। हालांकि, उनका यह फैसला गलत साबित हुआ और हैदराबाद की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। हैदराबाद की टीम 19 ओवरों में 165 रनों पर ऑलआउट हो गई। वहीं केकेआर ने 166 रनों के लक्ष्य को 18.2 ओवरों में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पैट कमिंस ने खुद के सिर फोड़ा हार का ठीकरा (फोटो साभार- IPL)
हार के बाद क्या बोले SRH के कप्तान
केकेआर के खिलाफ मैच में हार के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए सबसे अच्छा नहीं रहा। हमारी शुरुआत तो काफी अच्छी थी, लेकिन उसके बाद हम अपनी पूरी लय में नहीं दिखे। शायद हमने 200 रन बनाने का लक्ष्य रखा था, फिर 180 का लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। आपको बस हालात के हिसाब से खुद को ढालना होता है। शुरुआती 8-10 ओवर तो बहुत बढ़िया रहे, लेकिन विरोधी टीम ने रणनीति का सही इस्तेमाल किया और मैच का दूसरा हाफ हमारे लिए अच्छा नहीं रहा। हमारे लिए रन बनने बंद हो गए और खेल की गति धीमी पड़ गई। शायद हमें 180 रन बनाने का ही लक्ष्य रखना चाहिए था। जीत-हार का फर्क बहुत कम था, हमने कुछ अच्छी चीजें भी दिखाईं और आखिर तक संघर्ष किया। शायद मेरे एक ओवर में 27 रन चले जाना ही हार की वजह बना, लेकिन हमारे पास भी कुछ अच्छे मौके आए थे, बस किस्मत ने हमारा साथ नहीं दिया।
कैसी रही हैदराबाद की पारी
टॉस जीतकर हैदराबाद की टीम 19 ओवरों में 165 रनों पर ऑलआउट हो गई। हैदराबाद की तरफ से सबसे ज्यादा रन ट्रैविस हेड ने बनाए। उन्होंने 61 रनों की पारी खेली। वहीं ईशान किशन ने भी 48 रन बनाए। हैदराबाद के विकेट थोड़े-थोड़े अंतराल पर गिरते रहे और 165 रन पर पारी समाप्त हो गई। केकेआर के लिए सुनील नरैन और वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी की। वरुण चक्रवर्ती को सबसे ज्यादा 3 विकेट मिले, वहीं सुनील नरैन ने IPL में अपने 200 विकेट पूरे किए। उन्हें इस मैच में 2 विकेट मिले। इसके अलावा कार्तिक त्यागी ने भी दो विकेट झटके। इस मैच में रोवमेन पॉवेल ने हेनरिक क्लासेन का एक करिश्माई कैच लिया।
कोलकाता ने पूरी की जीत की हैट्रिक
सनराईजर्स हैदराबाद से मिले 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाईट राइजर्स ने इस मुकाबले को 7 विकेट से जीत लिया। इसके साथ ही केकेआर ने अपने जीत का सिलसिला बरकरार रखा। केकेआर ने सनराईजर्स हैदराबाद को उसके घर में घुसकर हराया। सनराइजर्स हैदराबाद से मिले 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाईट राइडर्स ने एसआरएच को 7 विकेट से मात दी। केकेआर ने 18.2 ओवरों में 3 विकेट खोकर 169 रन बनाया और इस सीजन में जीत की हैट्रिक पूरी की। एसआरएच के 166 रनों के लक्ष्य का पूरा करते हुए रिंकू सिंह 22 रनों पर नाबाद रहे। वहीं इस जीत में अंगकृष रघुवंशी और कप्तान आजिंक्य रहाणे का बड़ा योगदान रहा। रघुवंशी ने 59 रन बनाए जबकि कप्तान रहाणे ने 43 रन बनाकर जीत में बड़ी भूमिका निभाई। हैदराबाद के सभी गेंदबाज मंहगे साबित हुए। कप्तान पैट कमिंस ने जहां 1 विकेट लेने के लिए 47 रन खर्च किए। वहीं ईशान मलिंगा को 42 रन देकर एक भी विकेट नहीं मिला। साकिब हुसैन ने जरूर 3 ओवर में 17 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया, लेकिन उनका प्रयास नाकाफी रहा।
