जीत की हैट्रिक पर गदगद नजर आए KKR के कप्तान, बोले- गेंदबाजों ने किया शानदार काम

SRH vs KKR: केकेआर के कप्तान रहाणे ने हैदराबाद के खिलाफ जीत के बाद कहा कि उनके गेंदबाजी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टीम के स्पिनरों की जमकर तारीफ की।

SRH vs KKR: कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सनराइजर्स हैदराबाद को कम स्कोर पर रोककर सात विकेट की जीत का श्रेय अपनी गेंदबाजी इकाई को दिया। उन्होंने पिछले कुछ मैच में अपने गेंदबाजों के निरंतर प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। वरुण चक्रवर्ती (36 रन देकर तीन विकेट) और सुनील नारायण (31 रन देकर दो विकेट) ने सनराइजर्स हैदराबाद को 19 ओवर में 165 रन पर ऑल आउट करने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद केकेआर ने 10 गेंद रहते लक्ष्य का पीछा कर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

KKR

कोलकाता नाईट राइडर्स (फोटो साभार- IPL/BCCI)

स्पिनरों ने किया शानदार काम

रहाणे ने मैच के बाद कहा, 'अच्छा मैच रहा। जिस तरह से हमने गेंदबाजी में वापसी की, वह शानदार था। ऐसा लग रहा था कि वे 190-200 रन बना लेंगे। उस लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल होता। लेकिन इसका श्रेय हमारी गेंदबाजी इकाई, विशेषकर स्पिनरों को जाता है।वे लगातार विकेट लेते रहे।' उन्होंने कहा, 'हमारी गेंदबाजी इकाई पिछले पांच छह मैचों में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इसका श्रेय हमारे गेंदबाजी कोच (ड्वेन) ब्रावो और (टिम) साउदी को जाता है। कभी-कभी रन पड़ जाते हैं, लेकिन जब तक आप मानसिक रूप से स्पष्ट रहते है तब तक सब ठीक रहता है। यह जीत हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण थी।' चक्रवर्ती के लिए यह लगातार चौथा मैच था जिसमें उन्होंने कम से कम दो विकेट लिए और उन्हें ’प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

End of Feed