क्रिकेट

IPL 2026 Auction And Retention Date: आ गई आईपीएल 2026 नीलामी की तारीख, इस दिन होगा रिटेंशन का ऐलान

IPL 2026 Auction Date: आईपीएल के 19वें सीजन के लिए रिटेंशन लिस्ट का ऐलान करने के और नीलामी की संभावित तारीख सामने आ गई है। जानिए किन टीमों में हो सकते हैं बड़े बदलाव किन प्लेयर्स के ऊपर गिर सकती है गाज?

Image

इंडियन प्रीमियर लीग मिनी ऑक्शन 2026 (फोटो क्रेडिट BCCI/IPL)

नई दिल्ली: भारत के घरेलू क्रिकेट के नए सीजन के आगाज के साथ ही आईपीएल 2026 को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों के रिटेंशन की आखिरी तारीख सामने आ गई है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक 15 नवंबर रिटेंशन की आखिरी तारीख हो सकती है। सभी टीमों को नीलामी से पहले रिलीज और रीटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची का ऐलान करना होगा।

इस दिन हो सकती है नीलामी

हालांकि नए सीजन के लिए होने वाले मिनी ऑक्शन की तारीख फिलहाल स्पष्ट नहीं है। अगर रिटेंशन के ऐलान की तारीख 15 नवंबर हुई तो आईपीएल 2026 के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन 15 दिसंबर के आसपास हो सकता है। ये भी साफ नहीं है कि नीलामी देश में या देश के बाहर होगी। हालांकि पिछले दो सीजन में बीसीसीआई ने आईपीएल की नीलामी देश के बाहर यूएई के दुबई(2023) और सउदी अरब के जेद्दा(2024) में हुई थी। अगर ऑक्शन एक बार फिर विदेश में होता है तो इसमें किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।

राजस्थान और चेन्नई में हो सकते हैं बड़े बदलाव

राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा नए सीजन के लिए लीग की अन्य टीमों में बदलाव की ज्यादा संभावना नजर नहीं आ रही है। इन दो टीमों में ही बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं। दोनों ही टीमों का पिछले सीजन प्रदर्शन खराब रहा था। बहुत दिनों से ये खबर क्रिकेट गलियारों में घूम रही है कि संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स का साथ छोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स का दामन थाम सकते हैं। लेकिन अबतक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि दोनों में से किसी टीम ने नहीं की है। सैमसन हालांकि ट्रेड के जरिए ही सीएसके का हिस्सा बन सकते हैं।

इन खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है सीएसके

चेन्नई सुपर किंग्स(सीएसके) जिन खिलाड़ियों को मिनी ऑक्शन से पहले रिलीज कर सकता है उनमें दीपक हुड्डा, विजय शंकर, सैम कुरेन और डेवोन कॉन्वे के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। रविचंद्रन अश्विन के आईपीएल से संन्यास का ऐलान करने के बाद एक जगह पहले ही एक जगह सीएसके में खाली हो चुकी है। उनके पर्स में पहले ही 9.75 करोड़ रुपये जुड़ गए हैं।

राजस्थान छोड़ सकती है इन प्लेयर्स का साथ

वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम की बात करें तो अगर संजू सैमसन ट्रेड नहीं किए गए तो फ्रेंचाइजी द्वारा रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों में कप्तान संजू सैमसन का नाम सबसे आगे है। उनके अलावा दो श्रीलंकाई स्पिनरों महीष तीक्ष्णा और वनिंदु हसरंगा को भी रिलीज किए जाने की भी चर्चा हो रही थी, हालांकि संजू सैमसन के फिर से रॉयल्स का कोच बनने के बाद इसमें बदलाव हो सकता है।

इन प्लेयर्स पर भी गिर सकती है गाज

मिचेल स्टार्क, आकाशदीप, टी नटराजन, डेविड मिलर और मयंक यादव जैसे खिलाड़ियों को भी आगामी सीजन में नए खिलाड़ियों की तलाश करनी पड़ सकती है। हालांकि जिन टीमों के वो साथ हैं उन्होंने इसके संकेत नहीं दिए हैं। केकेआर ने पिछले सीजन ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ में खरीदा था सैलरी करेक्शन के लिए उन्हें भी फ्रेंचाइजी रिलीज करके दोबारा नीलामी में अपने साथ जोड़ना चाहेगी।

कैमरन ग्रीन पर हो सकती है पैसों की बारिश

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के ऊपर मिनी ऑक्शन में धनवर्षा हो सकती है। पिछली बार चोट के कारण ग्रीन ऑक्शन में शामिल नहीं हुए थे। पहले ही कई टीमों का ध्यान वो आकर्षित कर चुके हैं। ऐसे में उन्हें टीम में शामिल करने के लिए टीमों के बीच ऑक्शन में जंग छिड़ सकती है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article