मुल्लांपुर: आईपीएल 2024 में चोट से उबरकर वापसी करने वाले धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने पंजाब किंग्स के खिलाफ उनके घरेलू मैदान पर गुरुवार को हल्ला बोल दिया। सूर्यकुमार यादव पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने असली रंग में नजर आए और 34 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से सीजन का दूसरा अर्धशतक अर्धशतक जड़ दिया। सूर्या 53 गेंद में 78 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए।
सूर्यकुमार यादव(साभार IPL/BCCI)
सूर्या ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में सीजन का अपना पहला मैच खेला था। उस मुकाबले में वो अपना खाता भी नहीं खोल सके थे। इसके बाद उन्होंने आरसीबी के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए आतिशी पचासा जड़ा था। लेकिन इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उनकी एक नहीं चली और तीन मैच में दूसरी बार खाता नहीं खोल सके।
34 गेंद में जड़ा सीजन का दूसरा पचासा
ऐसे में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुल्लांपुर में इशान किशन के जल्दी आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने जल्दी बल्लेबाजी के लिए मिले मौके को खाली नहीं जाने दिया और अपने फॉर्म को जारी रखते हुए 34 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया। सीजन में घर के बाहर सूर्या का यह पहला मुकाबला था जिसमें उन्होंने बल्ले का दम दिखाते हुए हल्ला बोल दिया।
रोहित के साथ की 81 रन की साझेदारी
सूर्या ने दूसरे विकेट के लिए रोहित शर्मा के साथ 81 (57) रन की साझेदारी की। इस साझेदारी में सूर्या ने 54 रन का योगदान दिया। ये साझेदारी 11.4 ओवर में 99 रन के स्कोर पर टूटी। रोहित के 36 रन बनाकर पवेलियन लौटने के बाद सूर्या ने मोर्चा संभाले रखा और टीम को तिलक वर्मा के साथ मिलकर 16 ओवर में 148 रन के पार पहुंचा दिया।
प्रभसिमरन ने पकड़ा शानदार कैच
लेकिन इसके बाद कप्तान सैम कुरेन की ऑफ स्टंप से बाहर गेंद को बैकवर्ड प्वाइंट की दिशा में खेलने की कोशिश में प्रभसिमरन सिंह के हाथों शानदार तरीके से लपके गए। सूर्या 53 गेंद में 78 रन की पारी खेलकर पवेलियन वापस लौटे। इस पारी के दौरान सूर्या ने 7 चौके और 3 छक्के जड़े। सूर्या ने 147.16 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
