Rohit Sharma: मुंबई इंडियन्स के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने जाने पहचाने रूप में नजर आए। रोहित शर्मा ने पारी की धमाकेदार शुरुआत की और 27 गेंद में 49 रन की पारी खेलकर आउट हुए। रोहित ने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 2 छक्के जड़े। रोहित का स्ट्राइक रेट पारी के दौरान 181.48 का रहा।
रोहित शर्मा (साभार IPL/BCCI)
दिल्ली के खिलाफ बने एक हजारी, विराट क्लब में हुई एंट्री
रोहित शर्मा ने अपनी आतिशी पारी के दौरान जैसे ही 23 रन पूरे किए वो आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। रोहित ने इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ये कारनामा कर चुके हैं। ऐसे में वो आईपीएल में दो टीमों के खिलाफ 1 हजार या उससे ज्यादा रन बनाने वाले विराट कोहली के बाद आईपीएल इतिहास में दूसरे बल्लेबाज बन गए।
सबसे ज्यादा बार 49 पर आउट होने वाले प्लेयर
रोहित शर्मा की पारी का अंत अक्षर पटेल ने किया। रोहित उनकी गेंद पर गच्चा खाकर 49 रन पर बोल्ड हो गए और अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। इसके साथ ही रोहित के नाम आईपीएल में एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। रोहित आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 49 रन पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित तीसरी बार आईपीएल में इस स्कोर पर आउट हुए। रोहित इस पारी से पहले इस मामले में डेविड वॉर्नर, क्रिस गेल, ब्रेडन मैकुलम, संजू सैमसन और क्रिस लिन 2-2 बार 49 रन पर अपना विकेट गंवाने वाले प्लेयर्स की बराबरी पर थे।
