आईपीएल 2024 में आज का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और 5 बार की आईपीएल चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस के बीच होगा। इस टक्कर का गवाह बनेगा लखनऊ का इकाना क्रिकेट स्टेडियम। आज मुंबई इंडियंस के स्टार खिलाड़ी व पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का जन्मदिन भी है, इसलिए फैंस में काफी उत्सुकता होगी। शाम 7.30 बजे से शुरू होने वाले इस लखनऊ-मुंबई मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान केएल (Kl Rahul) के हाथों में होगी, जबकि मुंबई इंडियंस की अगुवाई करेंगे हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya), गौरतलब है कि दोनों कप्तान निजी जिंदगी में भी बहुत अच्छे दोस्त हैं। वहीं केएल राहुल को इस बात का दुख जरूर होगा कि मैच से ठीक पहले घोषित हुई टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम इंडिया में उनका नाम शामिल नहीं हुआ।
लखनऊ सुपर जायंट्स-मुंबई इंडियंस पिच रिपोर्ट
लखनऊ और मुंबई के बीच आज खेले जाने वाले मुकाबले से पहले मौजूदा आईपीएल सीजन में इन दोनों टीमों का ट्रैक रिकॉर्ड भी देख लेते हैं। अब तक मेजबान लखनऊ की टीम ने इस सीजन में 9 मुकाबले खेले गए हैं जिसमें उन्हें 5 मैचों में जीत मिली जबकि 4 मैच गंवाने पड़े। इस तरह वे 10 अंकों के साथ अंक तालिका (IPL 2024 Points Table) में पांचवें पायदान पर हैं और आज अगर जीत मिली तो वे टॉप-4 में एंट्री हासिल कर लेंगे। वहीं दूसरी तरफ है मुंबई इंडियंस की टीम जिसका ये सीजन बेहद खराब रहा है। उन्होंने अब तक 9 मुकाबलों में सिर्फ 3 मैच जीते हैं और 6 मैच हारे हैं। मुंबई कुल 6 अंकों के साथ अंक तालिका में नौवें पायदान पर है। अब जानते हैं कि कैसी होगी लखनऊ में आज के मैच की पिच रिपोर्ट और कैसा है लखनऊ का मौसम।
इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें संस्करण में आज का मुकाबला लखनऊ और मुंबई के बीच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। यहां इस सीजन में खेले गए 5 मुकाबलों में सिर्फ एक ही मैच ऐसा रहा जहां कम स्कोर रहा। बाकी के सभी मैचों में जमकर रनों की बारिश हुई है, ऐसे में आज भी बल्लेबाज धमाल मचाते दिखाई दे सकते हैं। इस सीजन में लखनऊ का सर्वाधिक स्कोर 199 रन रहा है जो पिछले ही मैच में राजस्थान की टीम ने 197 रनों के लक्ष्य को हासिल करते हुए बनाया था। यहां की पिच पर तेज गेंदबाज भी कहर बरपाएंगे लेकिन बल्लेबाजों को बीच के ओवरों में पीयूष चावाला (Piyush Chawla) और रवि बिश्नोई (Ravi Bishnoi) जैसे स्पिनर्स से संभलकर रहना होगा।
आज का मुकाबला लखनऊ और मुंबई टीमों के बीच लखनऊ में खेला जाना है। उत्तर प्रदेश की राजधानी इस समय काफी गर्म है। दिन में काफी लू भी चल रही है और तेज धूप तपिश को इतना बढ़ा रही है कि जब शाम को आईपीएल मैच शुरू होगा तब भी खिलाड़ियों की जर्सी पसीने से गीली होना तय मान लीजिए। उमस तो इतनी नहीं होगी और ना ही बारिश के कोई आसार हैं। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है। शाम को फील्डिंग करने वाली टीम के लिए थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम: केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, काइल मेयर्स, मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुडा, देवदत्त पडिक्कल, रवि बिश्नोई, नवीन उल हक, क्रुणाल पंड्या, युद्धवीर सिंह, प्रेरक मांकड़, यश ठाकुर, अमित मिश्रा, मोहसिन खान, के गौतम, शिवम मावी, अर्शिन कुलकर्णी, एम सिद्धार्थ, एश्टन टर्नर, मैट हेनरी, मोहम्मद अरशद खान, शमर जोसेफ और मयंक यादव।
मुंबई इंडियंस की टीम: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, डेवाल्ड ब्रेविस, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, जेराल्ड कोएत्ज़ी, टिम डेविड, श्रेयस गोपाल, ईशान किशन (विकेटकीपर), अंशुल कंबोज, कुमार कार्तिकेय, मोहम्मद नबी, शम्स मुलानी, नमन धीर, शिवालिक शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, अर्जुन तेंदुलकर, नुवान तुषारा, तिलक वर्मा, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, ल्यूक वुड, आकाश मधवाल और क्वेना मफाका।
