गुवाहाटी: आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स की कमान संभार रहे टीम इंडिया के गब्बर शिखर धवन ने बुधवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में एक स्पेशल उपलब्धि अपने नाम कर ली। टॉस हारने के बाद पंजाब को धमाकेदार शुरुआत दिलाने के बाद जैसे ही शिखर ने अपना अर्धशतक 36 गेंद में 6 चौके और एक छक्के के साथ पूरा किया वो आईपीएल इतिहास में 50 रन से ज्यादा की पारियों का अर्धशतक जड़ने वाले तीसरे और विराट कोहली के बाद दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए।
गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिला अर्धशतक पूरा करने के बाद अभिवादन करते शिखर धवन(साभार IPL/BCCI)
विराट कोहली का तोड़ा रिकॉर्ड
विराट कोहली ने आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ हालिया मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की थी। विराट 216वीं पारी में आईपीएल में 50+ की पचास पारियां खेलने वाले पहले भारतीय बने थे। ऐसे में 207 पारियों में पचास पचासे पूरे करते हुए इस मुकाम पर पहुंचने वाले दूसरे और सबसे तेज गति से स्पेशल अर्धशतक पूरा करने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। विराट और शिखर से ज्यादा पचास रन से ज्यादा की आईपीएल पारियां खेलने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम दर्ज है। उन्होंने 60 बार ऐसा किया है।
शिखर ने जड़े हैं 2 शतक और 48 अर्धशतक
शिखर धवन ने आईपीएल इतिहास में खेले 207 मैच की 208 पारियों में 27 बार नाबाद रहते हुए 2 शतक और 48 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं विराट कोहली ने 224 मैच की 216 पारियों में 5 शतक और 45 अर्धशतक जड़े हैं। डेविड वॉर्नर ने आईपीएल में 50 से ज्यादा रन की 60 पारियां खेली हैं जिसमें 4 शतक और 56 अर्धशतक दर्ज हैं।
