हैदराबाद: गुजरात टाइटन्स के खिलाफ लगातार पांच गेंद में पांच छक्के जड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत दिलाने वाले रिंकू सिंह हैदराबाद के खिलाफ गुरुवार को खेले गए मुकाबले में एक बार फिर संकटमोचक बनकर उभरे। वो जब बल्लेबाजी करने उतरे तब टीम का स्कोर 4.4 ओलर में 35 रन पर 3 विकेट था।
रिंकू सिंह(साभार IPL/BCCI)
मुश्किल में खेली 35 गेंद में 46 रन का पारी
मैदान पर उतरने के बाद उन्होंने कप्तान नीतीश राणा के साथ पारी को संभाला और टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाने के बाद 19.2 ओवर में 168 रन के स्कोर तक पहुंचाने के बाद पवेलियन लौटे। रिंकू ने 35 गेंद में 46 रन की पारी खेली और अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। रिंकू और नीतीश के बीच चौथे विकेट के लिए 40 गेंद में 61 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने केकेआर की खराब शुरुआत के बाद मैच में वापसी करा दी।
दिखाया आक्रमण और संयम दोंनो का मिश्रण
रिंकू सिंह की पहचान निचले क्रम पर आतिशी बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी की है लेकिन उन्होंने मौजूदा सीजन में आक्रमण और संयम दोनों का मिश्रण दिखाया है। कई मौकों पर उन्होंने केकेआर की पारी को संभाला और अब उन्हें ऐसा करने की आदत सी हो गई है। निचले क्रम पर रिंकू लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए 35(28), 42*(23), 40(15), 46(33), 48*(21), 58*(31),53*(33),46(35) रन की पारियां खेली हैं।
आईपीएल 2023 में मचा रहे हैं धमाल
मौजूदा सीजन में रिंकू केकेआर की टीम की सबसे मजबूत कड़ी बनकर उभरे हैं। उन्होंने 10 मैच की 4 पारियों में नाबाद रहते हुए 52.67 के औसत और 148.36 के स्ट्राइक रेट से 316 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान दो अर्धशतक जड़े और 58* उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। रिंकू ने इस बार कुल 19 चौके और 20 छक्के जडे़ हैं। यानी उन्होंने अपने 316 रन में से 196 रन चौकों छक्कों से और 120 रन भागकर बनाए हैं। यही संतुलन उनकी बल्लेबाजी के दौरान एप्रोच को बताता है।
