गुवाहाटी: इंग्लैंड के सीमित ओवरों की टीम के कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज जोस बटलर का बल्ला आईपीएल में एक बार फिर रन उगलने लगा है। पिछले कुछ सीजन से वो आईपीएल में लगातार धमाल मचा रहे हैं और ये सिलसिला इस बार भी बदस्तूर जारी है। शनिवार को गुवाहाटी में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बटलर ने 51 गेंद में 79 रन की आतिशी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और एक छक्का जड़ा।
जोस बटलर (साभार IPL/BCCI)
पहले विकेट के लिए जायसवाल के साथ जोड़े 98 रन
जशस्वी जायसवाल के साथ बटलर ने एक बार फिर राजस्थान को आतिशी शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर 4 ओवर में टीम को पचास रन के पार पहुंचा दिया। दोनों के बीच 8.3 ओवर में पहले विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान बटलर ने 32 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। ये सीजन में उनका दूसरा अर्धशतक है और उन्होंने इस पारी के साथ ही ऑरेंज कैप पर कब्जा कर लिया।
21 पारियों में जड़े 5 शतक और 6 अर्धशतक
जोस बटलर आईपीएल में राजस्थान के लिए खेलते हुए लगातार रन बना रहे हैं। उनके बल्ले के रन उगलने का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछली 21 पारियों में उन्होंने 5 शतक और 6 अर्धशतक जड़े हैं। 21 पारियों में 1,139 रन 59.94 के औसत से बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 124 रन रहा है। पिछले सीजन बटलर ने राजस्थान को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की थी। सबसे ज्यादा रन सीजन में बनाने के लिए उन्हें ऑरेंज कैप अवार्ड भी मिला था।
