IPL 2023 Auction Rajasthan Royals (RR) Target Players List: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग माना जाता है। इसमें हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को विश्व भर में पहचान मिलती है। आईपीएल 2023 सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 23 दिसंबर को कोच्चि में होनी है। इस बार की नीलामी छोटी होगी और पहले के मुताबिक टीमों के पास उनके पर्स में पैसा भी उतना नहीं बचा है। इसी को नजर में रखते हुए खिलाड़ियों की स्मार्ट खरीद करनी होगी। चलिए जानते हैं कि राजस्थान रॉयल्स की टीम इस बार किन 3 खिलाड़ियों पर निशाना साध सकती है।
राजस्थान रॉयल्स
1) मुजीब उर रहमान - राजस्थान रॉयल्स के पास रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल के रूप में वर्ल्ड क्लास स्पिनर्स हैं। हालांकि, इन दोनों के अलावा रॉयल्स का स्पिन विभाग थोड़ा कमजोर नजर आता है। उनके पास केसी करियप्पा नामी गेंदबाज हैं। हो सकता है कि रॉयल्स की टीम मुजीब उर रहमान पर ध्यान दें, जो सीपीएल में बारबाडोस रॉयल्स के लिए खेलते हैं। मुजीब उर रहमान टी20 में काफी कारगर स्पिनर हैं और संजू सैमसन के नेतृत्व वाली टीम के लिए प्रमुख खिलाड़ी बन सकते हैं।
2) जेसन रॉय - जोस बटलर ने राजस्थान रॉयल्स के लिए काफी शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन अब वो इंग्लैंड के सीमित ओवर कप्तान हैं। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स उनके बैक-अप पर ध्यान दे सकती है। जेसन रॉय उनके लिए आदर्श भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय से रॉय खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और उनका चयन टी20 वर्ल्ड कप में भी नहीं हुआ था। ऐसे में देखना होगा कि रॉयल्स की टीम 2 करोड़ बेस प्राइस वाले रॉय पर भरोसा जता पाएगी।
3) बेन स्टोक्स - बेन स्टोक्स विश्व क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर्स में से एक हैं। पिछले कुछ समय में उनके प्रदर्शन ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। टी20 क्रिकेट में बेन स्टोक्स की ऑलराउंड क्षमता पर कोई किसी तरह का सवाल नहीं खड़ा कर सकता है। राजस्थान रॉयल्स की टीम हर हाल में ऐसे ऑलराउंडर को अपने साथ जोड़ना चाहेगी, लेकिन स्टोक्स किस दाम में बिकेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा।
