IPL 2023: टीमों को 15 दिसंबर तक सौंपनी होगी रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट, इस दिन होगी नीलामी

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 16, 2022, 11:36 PM IST

बीसीसीआई ने आईपीएल 2023 की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। 15 नवंबर तक सभी 10 टीमों को रिटेन्ड किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट सौंपने को कहा गया है। दिसंबर में होने वाली छोटी नीलामी से पहले टीमों का पर्स भी मोटा कर दिया गया है।

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की 10 फ्रेंचाइजी टीमों को अपने रिटेन (अपने साथ बरकरार रखे गए) किए गए खिलाड़ियों की सूची 15 नवंबर तक सौंपने को कहा गया है। एक फ्रेंचाइजी के वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। समझा जाता है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल के अगले सत्र की तैयारी शुरू कर दी है और दिसंबर के तीसरे सप्ताह में बेंगलुरु में छोटी नीलामी होगी।

IPL-2023

95 करोड़ रुपये का होगा टीमों का पर्स

यह भी पता चला है कि अगले सत्र के लिए कुल वेतन की सीमा भी 90 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 95 करोड़ रुपये किए जाने की संभावना है। नीलामी के दौरान फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों के लिए बोली लगा सकती हैं और उनके खाते में उतनी राशि होगी जो पिछली बड़ी नीलामी में खिलाड़ियों पर खर्च करने के बाद उनके पास बची थी। इसके अलावा उन्होंने जिन खिलाड़ियों को छोड़कर नीलामी में वापस भेजा है उनको दी जाने वाली राशि भी उनके खाते में जुड़ जाएगी।

15-15 खिलाड़ियों को रिटेन किए जाने की है संभावना

यह उम्मीद की जाती है कि अधिकांश फ्रेंचाइजी 15 मुख्य खिलाड़ियों को रखेंगी और बाकी को नीलामी में भेजा जाएगा जिसके कि उनके पास बोली लगाने के लिए कम से कम 10 करोड़ रुपये की राशि हो। पिछली नीलामी के बाद पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के पास क्रमश: 3.45 करोड़ रुपये और 2.95 करोड़ रुपये बचे हैं जबकि लखनऊ सुपरजाइंट्स अपनी पूरी राशि खर्च कर चुके हैं।

टीमों के पर्स में बचा है इतना पैसा

दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियन्स और सनराइजर्स हैदराबाद के पास पिछले सत्र से 10 लाख रुपये बचे हैं जबकि गत चैंपियन गुजरात टाइटंस के पास 15 लाख रुपये हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 45 लाख रुपये बचे हैं जबकि राजस्थान रॉयल्स के पास 95 लाख रुपये हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के पास 1.55 करोड़ रुपये बचे हैं।

End of Feed