राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 47वें मुकाबले में फैंस को बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। आखिरी गेंद तक चले इस मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स ने हैदराबाद को 5 रन से हरा दिया। हैदराबाद को जीत के लिए आखिरी ओवर में 9 रन बनाने थे, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इस ओवर में न केवल 3 रन दिए बल्कि अब्दुल समद को भी आउट किया। हैदराबाद की तरफ से सर्वाधिक 41 रन की पारी कप्तान मार्करम ने खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
एडेन मार्करम,कप्तान सनराइजर्स हैदराबाद
हैदराबाद को जीत के लिए 172 रन बनाने थे। 14 ओवर तक हैदराबाद की टीम आसानी से इस मैच को जीत रही थी, लेकिन पहले हैनरिक क्लासेन और फिर एडेन मार्करम के विकेट ने उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर दी जिससे वह उबर नहीं पाए और अपना 2 अंक गंवा दिया।
मैच के बाद हैदराबाद के कप्तान एडेन मार्करम ने भी माना कि इस हार को पचा पाना थोड़ा मुश्किल है। उन्होंने कहा 'आखिर में हमें अच्छी क्रिकेट खेलनी थी, लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए। भरोसा करना मुश्किल हो रहा है। क्लासेन ने अच्छी बल्लेबाजी की, मैंने शुरुआत में संघर्ष किया और यही कारण था कि हम जीत तक नहीं पहुंच पाए। गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की। हमने फील्डिंग भी अच्छी की, हमारे बल्लेबाजों ने शुरुआत भी अच्छी दिलाई लेकिन हम फिनिश नहीं कर पाए। हम इस हार से सीखेंगे।
आने वाले मैच पर बताई योजना
उन्होंने आने वाले मैच को लेकर टीम की योजना भी बताई। मार्करम ने कहा 'यदि हम अपनी योजना अमल में नहीं ला सकते तो हमें नेट्स पर वापस जाने और बेहतर करने की जरूरत है। उम्मीद है कि यह हार हमें बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगी जहां से हम बचे हुए चारो मैच जीत सकें।
