टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मैच में दमदार जीत दर्ज की। चेम्सफोर्ड में खेले गए पहले टी20I मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड महिला टीम को 38 रन से धूल चटाई। इस जीत से भारत ने 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली जेमिमा रोड्रिग्स को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।
भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को 38 रन से हराया। फोटो- AP
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। स्मृति मंधाना बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर आउट हो गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा भी मात्र 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। दो विकेट जल्दी गिरने के बाद यास्तिका भाटिया और जेमिमा ने टीम को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 76 गेंद पर 126 रन की साझेदारी की।
भाटिया और जेमिमा की उम्दा बल्लेबाजी
भाटिया दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुईं। आउट होने से पहले उन्होंने 54 रन बनाए। जेमिमा ने 40 गेंद पर 69 रन की पारी खेली। आखिरी के ओवर्स में ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने 13 गेंद पर 22 रन की पारी खेल टीम को 180 के पार पहुंचा दिया। भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए।
नंदनी शर्मा की कसी हुई गेंदबाजी
189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 18 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया। एलिस कैपसी 6 रन बनाकर आउट हुईं। सोफिया डंकली भी 16 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। एमी जोन्स ने 48 गेंद पर 67 रन की पारी खेली। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा शिकंजा कसा की कोई भी इंग्लिश खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल सका। नंदनी शर्मा ने 4 ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
भारत की ऐतिहासिक जीत
क्रांति गौड़ को दो विकेट मिला। श्रीचरणी और दीप्ति शर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया। इस जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास मजबूत होगा। क्योंकि इंग्लैंड में ही टी20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा। यह मैच भारत के लिए कई मायने में बेहद खास रहा। भारत की पूर्व गेंदबाज सोनिया दबीर के बाद नंदनी शर्मा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर 3 विकेट लेने वाली दूसरी भारतीय तेज गेंदबाज हैं। सोनिया दबीर ने 2010 में मुंबई में इंग्लैंड-पश्चिम के खिलाफ 3 विकेट लिए थे।
चेम्सफोर्ड में शर्मसार हुई इंग्लैंड की टीम
इसके अलावा 38 रनों की जीत टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ भारतीय महिला टीम की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2025 में ट्रेंट ब्रिज में 97 रनों की जीत दर्ज की गई थी। वहीं, चेम्सफोर्ड में खेले गए 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में इंग्लैंड महिला टीम की यह तीसरी हार थी और भारत के खिलाफ वहां खेले गए तीन मैचों में यह उनकी पहली हार थी।
