IND W vs SL W Highlights: भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर जीत के साथ वर्ल्ड कप का आगाज किया। गुवाहाटी में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 59 रन से हरा दिया। श्रीलंका के सामने जीत के लिए 270 रन का लक्ष्य था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 45.4 ओवर में 211 रन बनाकर ढेर हो गई। 270 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने केवल 30 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया।
विमेंस वर्ल्ड कप भारत बनाम श्रीलंका (साभार-x)
कप्तान चमारी अट्टापट्टू और समरविक्रमा ने दूसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी कर श्रीलंका को मैच में वापसी कराई, लेकिन दीप्ति शर्मा ने चमारी अट्टापट्टू का सबसे बड़ा विकेट लेकर श्रीलंका की जीत की उम्मीदों को तोड़ दिया। इसके बाद श्रीलंका ने लगातार अंतराल पर विकेट खोए। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 3 जबकि स्नेह राणा और श्री चरणी ने 2-2 विकेट चटकाए। श्रीलंका की ओर से चमारी अट्टपट्टू ने सर्वाधिक 43 जबकि निलाक्षी डि सिल्वा ने 35 और समरविक्रमा ने 29 रन की पारी खेली।
इससे पहले भारत ने टॉस हारकर बारिश से प्रभावित 47 ओवर के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 270 रन का लक्ष्य रखा। भारत की ओर से अमनजोत कौर के अलावा अनुभवी दीप्ति शर्मा ने अर्धशतक जड़ा। इसके अलावा प्रतिका रावल ने 37 और हरलीन देओल ने 48 रन की अहम पारी खेली।
दो ओवर में चार विकेट गंवाने के बाद भारत एक समय छह विकेट पर 124 रन बनाकर मुश्किल में था, लेकिन अमनजोत (57 रन, 56 गेंद, पांच चौके, एक छक्का) और दीप्ति (53 रन, 53 गेंद, तीन चौके) ने भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी भी की। हरलीन देओल (48 रन, 64 गेंद, छह चौके) ने भी उम्दा पारी खेली।
अमनजोत ने मात्र 45 गेंद में विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया, जिसमें आक्रामकता और नियंत्रण का शानदार मिश्रण था। अनुभवी बल्लेबाज दीप्ति ने दूसरे छोर पर मोर्चा संभाला और इस दौरान अपना 16वां एकदिवसीय अर्धशतक पूरा किया। स्नेह राणा ने भी 15 गेंद पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 28 रन की शानदार पारी खेली और भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाया।
खराब रही भारत की शुरुआत
खिताब की प्रबल दावेदार और घरेलू मैदान पर खेल रही भारत की टूर्नामेंट में शुरुआत बेहद खराब रही। श्रीलंका की बाएं हाथ के स्पिनर इनोका रणवीरा (46 रन पर चार विकेट) ने भारत का स्कोर छह विकेट पर 124 रन कर दिया। रणवीरा (39 वर्ष) ने अच्छी तरह जम चुकी हरलीन, जेमिमा रोड्रिग्स (0) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (21) को पांच गेंद के भीतर आउट करके भारतीय मध्यक्रम को ध्वस्त किया।
श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने ऋचा घोष को आउट करके भारत को छठा झटका दिया। उस वक्त भारतीय टीम का स्कोर केवल 124 रन था। लेकिन उसके बाद दीप्ति, अमनजोत और स्नेह राणा ने भारतीय टीम का वापसी करा दी, जिसकी बदौलत टीम 269 रन का सम्नानजनक स्कोर खड़ा कर पाई।
