India vs England 3rd Test, Dhruv Jurel Debut: शुरुआती दो मैचों में रोमांचक जीत हासिल करने के बाद मेजबान टीम भारत और मेहमान टीम इंग्लैंड एक बार फिर बढ़त हासिल करने के लिए उतरेगी। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला 15 फरवरी को राजकोट में खेला जाएगा। इस दौरान टीम इंडिया को एक नया खिलाड़ी मिल सकता है। आईपीएल में गदर मचाने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल राजकोट में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, 23 साल के युवा क्रिकेटर ध्रुव जुरेल भारत की प्लेइंग इलेवन में केएस भरत की जगह लेंगे। दिसंबर 2022 में ऋषभ पंत की दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना के बाद से भारत में टेस्ट खेले हैं। इसमें 30 साल के भरत पहले दो मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने में असफल रहे। इसको ध्यान में रखते हुए ध्रुव जुरेल को मौका दिया जा सकता है। बता दें कि घरेलू क्रिकेट में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी सरफराज को टीम इंडिया के स्क्वॉड में शामिल किया गया, लेकिन उनको डेब्यू करने का मौका नहीं मिल पाया है।
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- BCCI Twitter)
जानकारी के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट में निर्णय लेने वालों का भरत को लेकर धैर्य खत्म हो गया है। एक सूत्र ने बताया कि भरत की बल्लेबाजी काफी खराब रही है, जबकि उनकी कीपिंग भी अच्छी नहीं रही है। वह अपने मौकों का उपयोग नहीं कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर ध्रुव जुरेल प्रतिभाशाली हैं। उनका फॉर्म काफी अच्छा हैं। उन्होंने आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन भी किया है। अगर ध्रुव जुरेल राजकोट में अपना टेस्ट डेब्यू करते हैं तो आश्चर्यचकित न हों।
रांची टेस्ट से बुमराह को मिल सकता है आराम
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला 23 फरवरी को रांची में खेला जाएगा। सीरीज के शुरुआती मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को रांची टेस्ट से आराम दिया जा सकता है। सूत्र ने कहा कि बुमराह को रांची टेस्ट से आराम दिया जा सकता है, जिसका मतलब है कि वह मार्च की शुरुआत में धर्मशाला में पांचवें और अंतिम टेस्ट में वापसी करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में राजकोट में भारत के लिए दो तेज गेंदबाज बुमराह और सिराज होंगे।
ध्रुव जुरेल का ऐसा है घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन
आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने वाले 23 साल के ध्रुव जुरेल का घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन रहा है। ध्रुव जुरेल ने 15 फर्स्ट क्लास में 56.63 की स्ट्राइक रेट से एक शतक और 5 अर्धशतक की मदद से 790 रन बनाए हैं। वहीं, उन्होंने 10 लिस्ट-ए में 92.19 की स्ट्राइक रेट से दो अर्धशतक की मदद से 189 रन और 23 टी20 में 137.07 की स्ट्राइक रेट से 244 रन बनाए हैं। इसके अलावा वे फर्स्ट क्लास और लिस्ट-ए में 2-2 स्टंप और टी20 में एक स्टंप किए हैं।
