India U-19 vs England U-19 3rd T20 Highlights: भारतीय अंडर-19 टीम के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे यूथ वनडे में शानदार 86 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उनके नौ छक्कों और छह चौकों की मदद से भारत ने वर्षा-प्रभावित मैच में इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली।
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- INSTAGRAM)
सूर्यवंशी का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
मात्र 14 वर्ष की उम्र में सूर्यवंशी ने सिर्फ 31 गेंदों में 86 रन बनाकर अंडर-19 वनडे क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक नौ छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड मनदीप सिंह के नाम था, जिन्होंने एक पारी में आठ छक्के जड़े थे। सूर्यवंशी ने अपनी पारी की शुरुआत ही धमाकेदार अंदाज़ में की और तीसरे ओवर में इंग्लैंड के गेंदबाज सेबेस्टियन मोर्गन को लगातार दो छक्के मारकर अपना रौद्र रूप दिखाया।
कनिष्क चौहान और अंबरीश ने पूरी की जीत
भारत को जीत के लिए 269 रनों का लक्ष्य मिला, लेकिन 24वें ओवर तक टीम छह विकेट पर 199 रन ही बना पाई थी। मगर हरफनमौला कनिष्क चौहान (42 गेंदों में नाबाद 43 रन) और आरएस अंबरीश (नाबाद 31 रन) ने 75 रनों की अटूट साझेदारी करके मैच को भारत के पक्ष में पलट दिया। कनिष्क ने गेंदबाजी में भी तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।
इंग्लैंड की पारी
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 268 रन बनाए। कप्तान थॉमस रियू ने 44 गेंदों में नाबाद 76 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि सलामी बल्लेबाज बेन डॉकिंस ने 62 रन बनाए।
आईपीएल स्टार का जलवा
राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले सूर्यवंशी ने इस मैच में साबित कर दिया कि वह महज एक "वंडर किड" नहीं, बल्कि भविष्य का बड़ा सितारा हैं। उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स मिंटो को छठे ओवर में 23 रन देकर खासी नसीहत दी।
अगला मैच कब?
अब चौथा मैच (जुलाई 5) में दोनों टीमों के बीच एक और रोमांचक मुकाबला होगा, जहां भारत सीरीज जीतने की कोशिश करेगा, जबकि इंग्लैंड बराबरी करने का प्रयास करेगा।
