India Playing XI: आयरलैंड से हार झेलने के बाद अब टीम इंडिया पर इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले दबाव बढ़ गया है। अपनी परफेक्ट प्लेइंग इलेवन उतारने के बावजूद टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टी20 सीरीज में भारतीय टीम के सामने अपना बेस्ट देने की चुनौती है। पहला मुकाबला 1 जुलाई, बुधवार को खेला जाएगा। यह मुकाबला रिवरसाइड ग्राउंड चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला जाएगा जो भारतीय समयनुसार रात 10 बजे खेला जाएगा। इसका टॉस आधा घंटा पहले यानी 9.30 बजे होगा।
भारत-इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन (साभार-X)
वैभव को ना खिलाने पर उठे थे सवाल
आयरलैंड के खिलाफ दोनों ही मुकाबले में इनफॉर्म वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका नहीं मिला था। इन दोनों मुकाबले में टीम इंडिया की बल्लेबाजी पूरी तरह से फेल रही थी। पहले टी20 में टीम इंडिया 148 रन बनाकर ढेर हो गई थी, जबकि दूसरे मुकाबले में टीम केवल 153 रन ही बना पाई। इसके बाद वैभव को ना खिलाने के नाम पर तमाम दिग्गज क्रिकेटरों ने गंभीर और अय्यर पर सवाल खड़े किए थे। दूसरे टी20 मुकाबले में तो संजू और अभिषेक गोल्डन डक का शिकार हुए थे। इसके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर दोनों ही मैच में फेल रहे थे।
गावस्कर ने की है सिफारिश
सुनील गावस्कर सहित कई दिग्गज वैभव को ना खिलाने पर सवाल खड़े कर चुके हैं। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ उनके खेलने की संभावना बढ़ गई है। गावस्कर ने सलाह दी थी कि वैभव को मिडिल ऑर्डर में आउट फॉर्म बल्लेबाज की जगह मौका दिया जा सकता है और उन्हें नंबर 3 पर बैटिंग कराई जा सकती है। ऐसी स्थिति में वैभव को वाशिंगटन सुंदर की जगह शामिल किया जा सकता है, जिनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। दूसरी तरफ टीम इंडिय के लिए खुशी की बात यह है कि वरुण चक्रवर्ती स्क्वॉड से जुड़ चुके हैं। अगर वो मैच फिट होते हैं तो प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह तय है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन-
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह।
