टीम इंडिया ने डकवर्थ लुईस नियम से ऑस्ट्रेलिया को 99 रन से हराकर इंदौर वनडे जीत लिया। जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया के सामने 400 रन का लक्ष्य था, लेकिन जब टीम का स्कोर 9 ओवर में दो विकेट पर 56 रन था, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। उस समय डेविड वार्नर 26 और मार्नस लाबुशेन 17 रन पर खेल रहे थे।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया (साभार-BCCI)
बारिश के बाद जब खेल दोबारा शुरू हुआ तो ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 33 ओवर में 317 रन का लक्ष्य दिया गया। उस वक्त ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 24 ओवर में 261 रन की दरकार थी। लेकिन अश्विन और रवींद्र जडेजा की फिरकी के सामने पूरी टीम केवल 28.2 ओवर में 217 रन बनाकर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सीन एबॉट ने सर्वाधिक 54 जबकि डेविड वॉर्नर ने 53 रन की पारी खेली। अश्विन और जडेजा ने 3-3 विकेट चटकाए।
टीम इंडिया के बल्लेबाजों का तूफान
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 399 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से शुभमन गिल ने 97 गेंद पर 104 जबकि श्रेयस अय्यर ने 90 गेंद पर 105 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए केवल 163 गेंद पर 200 रन की पार्टनरशिप की।
आखिरी ओवरों में सूर्यकुमार यादव की 37 गेंद पर खेली गई 72 रन की विस्फोटक पारी के दम पर टीम इंडिया ने 399 रन का स्कोर खड़ा किया। सूर्या का साथ दिया कप्तान केएल राहुल ने जिन्होंने 38 गेंद में 52 रन की पारी खेली।
सीरीज में 2-0 से आगे टीम इंडिया
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने राहुल की कप्तानी में 3 मैच की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। टीम इंडिया ने मोहाली वनडे 5 विकेट से जीता था। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 27 सितंबर को राजकोट में खेला जाएगा, जहां विराट कोहली, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों की वापसी होगी।
