आज भारतीय क्रिकेट टीम बारबाडोस (ब्रिजटाउन) के केनसिंगटन ओवल मैदान पर तीन वनडे मैचों की द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मैच खेलने उतरेगी। मेजबान वेस्टइंडीज की टीम ने इससे पहले अपनी ही जमीन पर टेस्ट सीरीज 0-1 से गंवाई है और वो अब 50 ओवर फॉर्मेट में कुछ धमाल दिखाने का प्रयास जरूर करेंगे। टीम इंडिया में स्टार खिलाड़ियों की भरमार है और यही अपनी जमीन पर वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।
भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले वनडे की पिच रिपोर्ट
टीम इंडिया रोहित शर्मा की अगुवाई में मैदान पर उतरेगी जबकि वेस्टइंडीज की टीम अपने वनडे कप्तान शाई होप की अगुवाई में ग्राउंड पर होगी। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम में कुछ खिलाड़ी ऐसे जरूर हैं जो बेशक इतना चर्चित नहीं हैं लेकिन मैच पलटने का दम रखते हैं, वहीं भारतीय टीम में कप्तान रोहित शर्मा के साथ-साथ विराट कोहली, युजवेंद्र चहल और सूर्यकुमार यादव जैसे कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो अनुभव के साथ-साथ प्रतिभा में भी विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं ऐसे में वेस्टइंडीज को सावधान रहना होगा। पहला वनडे मैच ब्रिजटाउन के केनसिंगटन ओवल मैदान पर होने जा रहा है, तो आइए जानते हैं इस मैदान की पिच रिपोर्ट और मौसम की स्थिति।
कैसी होगी भारत-वेस्टइंडीज पहले वनडे की पिच रिपोर्ट? (IND vs WI 1st ODI Match Pitch Report)
वेस्टइंडीज और भारत तीन वनडे मैचों की इस द्विपक्षीय सीरीज का पहला मुकाबला ब्रिजटाउन के केनसिंग्टन ओवल मैदान पर खेलने उतरेंगी। यहां की पिच अब तक बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित हुई है और भारतीय टीम अगर यहां पहले बल्लेबाजी करने उतरती है तो कुछ बड़ी पारियां जरूर देखने को मिल सकती हैं। गेंदबाजों की बात करें तो तेज गेंदबाजों को यहां फायदा जरूर मिलेगा और ये मैच के अंत तक जारी रह सकता है। स्पिनर्स के लिए इस पिच पर ज्यादा कुछ नहीं है लेकिन बदलते मौसम और अगर बारिश हुई तो उनको भी यहां पर कुछ विकेट जरूर नसीब होते हुए नजर आ सकते हैं।
अब तक भारतीय क्रिकेट टीम ने इस मैदान पर सिर्फ तीन वनडे मैच खेले हैं। पहला मैच 1989 में हुआ था जो भारत ने गंवाया था, दूसरा मैच 1997 में हुआ था और यहां भी वेस्टइंडीज ने 10 विकेट से जीत दर्ज की थी। वहीं तीसरा मुकाबला 2002 में हुआ था और इस मैच में भारत ने इस मैदान पर पहली बार जीत दर्ज की थी। भारत वो मैच 7 विकेट से जीता था। आखिरी बार इस मैदान पर कोई वनडे मैच 21 अगस्त 2022 को खेला गया था जब वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड की टीमें टकराई थीं। वेस्टइंडीज ने उस मैच में काइल मायर्स के शतक के दम पर 301 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने अपने चार बल्लेबाजों के अर्धशतकों के दम पर धमाकेदार अंदाज में 47.1 ओवर में सिर्फ 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
आज कैसा होगा बारबाडोस का मौसम? (Barbados Weather Forecast Today)
पहला वनडे मैच बारबाडोस (ब्रिजटाउन) में खेला जाना है और जब वेस्टइंडीज में मुकाबला हो तो मौसम चेक कर लेना बेहद जरूरी हो जाता है। सबसे ताजा नमूना टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में देखने को मिला था जब रोमांच की तरफ बढ़ रहा मैच अचानक आई बारिश से धुल गया था। अब अगर आज के मौसम की बात करें तो बारबाडोस में आज तकरीबन 20 प्रतिशत बारिश की संभावना है यानी छुटपुट बारिश मैच का मजा बिगाड़ सकती है, लेकिन कुछ कम ओवरों के साथ मैच पूरा जरूर होने की उम्मीद रहेगी। यहां उमस काफी रहेगी इसलिए गेंदबाजों और फील्डर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बारबाडोस के तापमान की बात करें तो आज यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, जबकि न्यूजतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है।
