भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज 27 जुलाई से होने जा रहा है। टेस्ट में एक तरफा तरीके से हार झेलने वाली वेस्टइंडीज की कोशिश होगी कि वह व्हाइट बॉल क्रिकेट में टीम इंडिया को कुछ चुनौती दे। वनडे क्रिकेट की बात करें तो टीम इंडिया का पलड़ा इसमें पहले से भारी रहा है। साल 2006 के बाद से वेस्टइंडीज की टीम भारत के खिलाफ एक भी बाइलेटरल सीरीज नहीं जीत पाई है। वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम के डोमिनेंस का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि आखिरी 8 वनडे मैच भारत के पक्ष में रहे हैं।
हेड टू हेड में भारत का पलड़ा भारी
टेस्ट क्रिकेट में वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी था, लेकिन वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया का दबदबा रहा है। अब तक दोनों टीम के बीच कुल 139 वनडे मैच हुए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 70 मैच में बाजी मारी है, जबकि वेस्टइंडीज की टीम को 63 मुकाबले में जीत मिली है। 4 मुकाबला बिना परिणाम के रहा है जबकि 2 मुकाबला टाई रहा है।
अपने घर में वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी
हालांकि, वेस्टइंडीज की टीम अपने घर पर मजबूत रही है। होम ग्राउंड पर वेस्टइंडीज की टीम 28 मुकाबला जीती है, जबकि भारत को 19 मैच में जीत मिली है। ठीक इसी तरह के आंकड़े भारत के अपने घर पर हैं। अपने घर पर भारत ने 32 मुकाबलों में जीत दर्ज की है और वेस्टइंडीज केवल 20 मैच में ही जीत पाई है। न्यूट्रल वेन्यू पर यह रिकॉर्ड 19-15 का रहा है।
IND vs WI में सर्वाधिक रन और विकेट
भारत और वेस्टइंडीज सीरीज में सर्वाधिक रन की बात करें तो विराट कोहली पहले नंबर पर हैं। विराट ने 42 मैच में 2,261 रन बनाए हैं। सर्वाधिक विकेट की बात करें तो कर्टनी वॉल्श के नाम है, जिन्होंने 38 मैच में 44 विकेट झटके हैं।
