भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में खेले जा रहे निर्णायक मुकाबले में आखिरकार शुभमन गिल के बल्ले से रन निकला और उन्होंने टी20 करियर का अपना पहला शतक जड़ दिया। भारत के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, ईशान किशन के रूप में टीम इंडिया को जल्द ही पहला झटका लगा, लेकिन दूसरे छोर पर गिल राहुल त्रिपाठी के साथ मिलकर रन बनाते रहे। गिल ने केवल 54 गेंद पर अपने T20I करियर का पहला शतक जड़ा। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 5 छक्के जड़े।
शुभमन गिल
टी20 करियर का पहला शतक
वनडे क्रिकेट में शानदार फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल का बल्ला क्रिकेट के इस फटाफट फॉर्मेट में खामोश था, लेकिन गिल ने आखिरी मुकाबले में इसकी भी कमी पूरी कर दी और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच का अपना पहला शतक जड़ दिया। अब वह क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले 5वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। 3 जनवरी को श्रीलंका के खिलाफ वानखेड़े के मैदान पर T20I डेब्यू करने वाले गिल को पहले शतक के लिए केवल 5 मैच का इंतजार करना पड़ा।न्यूजीलैंड के खिलाफ इससे पहले हुए दो मैच में शुभमन कुछ खास नहीं कर पाए थे और उनके स्थान पर पृथ्वी शॉ को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की मांग उठने लगी थी। रांची में खेले गए पहले टी20 मैच में उन्होंने 7, जबकि लखनऊ में खेले गए दूसरे मैच में 11 रन बनाए थे।
