IND vs NZ 5th ODI Preview: न्यजीलैंड के लिए करो या मरो का है मुकाबला, पांचवें वनडे में स्विंग के खिलाफ साख बचाने और सीरीज जीत के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को माउंट मोनगानुई मेंपांचवें और आखिरी एकदिवसीय मुकाबले में कीवी टीम के सामने सीम और स्विंग की चुनौती के बीच सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

माउंट मोनगानुई: भारतीय बल्लेबाज रविवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम एकदिवसीय में स्विंग लेती गेंदों के सामने बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेंगे क्योंकि इस मुकाबले से शृंखला का नतीजा भी तय होगा। भारत शुक्रवार को यहां एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में अपनी दूसरी सबसे बड़ी हार झेलने के बावजूद शृंखला में 2-1 से आगे है। स्विंग और सीम की अनुकूल परिस्थितियों में भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह नाकाम रहे और मैट हेनरी ने शुरुआती ओवर में ही तीन विकेट झटककर अपनी टीम की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी।

IND vs NZ 5th ODI Match Preview

भारत न्यूजीलैंड पांचवां वनडे मैच प्रीव्यू (फोटो क्रेडिट AI Generated)

भारत को करना होगा स्विंग के खिलाफ प्रदर्शन में सुधार

भारत को तेज गेंदबाजी की अनुकूल पिचों पर अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा क्योंकि 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप में भी उसे ऐसी ही परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। पूरे बल्लेबाजी क्रम की नाकामी को देखते हुए किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं होगा। हालांकि रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर पांच मैच की इस शृंखला में अब तक प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं। अय्यर का कप्तान के रूप में पदार्पण भी निराशाजनक रहा। हेनरी की शानदार गेंद पर रोहित चकमा खा गए और स्लिप में कैच दे बैठे जबकि अय्यर तेज गति से अंदर की ओर आई गेंद पर पगबाधा हो गए। केवल एक प्रारूप में खेलने वाले रोहित और विराट कोहली के लिए यह मुकाबला न्यूजीलैंड के संभवत: अपने आखिरी दौरे पर दर्शकों का मनोरंजन करने का अंतिम मौका हो सकता है। शुक्रवार रात कोहली भी हेनरी की घातक गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं दे सके।

End of Feed