स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैच की सीरीज 1-1 की बराबरी पर खड़ी है। पहला मैच जहां भारत ने जीता तो वहीं दूसरे मैच में न्यूजीलैंड ने दमदार वापसी की और भारत को पटखनी दी। डेरिल मिचेल के नाबाद शतक की बदौलत कीवी टीम को 2017 के बाद भारत में पहली जीत नसीब हुई। अब इंदौर में खेले जाने वाले सीरीज के निर्णायक मुकाबले में जीत दर्ज करने को देखेगी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन।
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में रविवार, 18 जनवरी को जब भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगी तो दोनों टीमें सीरीज जीतने पर निगाहें होंगी। अब तक घरेलू धरती पर वनडे में शानदार रिकॉर्ड रखने वाले भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीतने के लिए अंतिम वनडे क्रिकेट मैच में तीनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
साल 2019 से रिकॉर्ड कायम
न्यूजीलैंड की टीम की निगाह भी सीरीज जीतकर इतिहास रचने पर होगी। मार्च 2019 के बाद से भारत ने अपने घरेलू मैदान पर कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज नहीं हारी है। तब ऑस्ट्रेलिया ने 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए सीरीज 3-2 से जीती थी, लेकिन अब यह रिकॉर्ड दांव पर लगा है।
न्यूजीलैंड के लिए भी यह मैच काफी महत्वपूर्ण है। उसकी टीम ने 1989 से द्विपक्षीय वनडे मैचों के लिए भारत का दौरा किया है, लेकिन यहां कभी भी सीरीज नहीं जीती है। इस इंतजार को खत्म करने का यह उसके पास संभवत: सबसे अच्छा अवसर है।
बडोनी को मिल सकता है डेब्यू का मौका
यह देखना दिलचस्प होगा कि इस मैच में भारतीय टीम प्रबंधन नीतीश कुमार रेड्डी और आयुष बडोनी में से किस को अंतिम एकादश में रखता है। ऑलराउंडर रेड्डी तेज गेंदबाजी करते हैं लेकिन गेंदबाजी में उनका इस्तेमाल कम ही किया जाता है। बडोनी मध्यक्रम के अच्छे बल्लेबाज और ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं और यहां की परिस्थितियां उनके लिए अनुकूल हो सकती हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह टीम में किसकी जगह लेंगे। मोहम्मद सिराज की नई गेंद से गेंदबाजी करने की क्षमता को देखते हुए उन्हें टीम से बाहर रखना मुश्किल है। परिस्थितियों और बल्लेबाजी की गहराई को ध्यान में रखते हुए उन्हें किसी स्पिनर या तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर की जगह टीम में लिया जा सकता है। जडेजा की खराब फॉर्म देखते हुए, टीम प्रबंधन उन्हें आखिरी मैच से बाहर बैठा सकती है।
IND vs NZ 3rd ODI मैच में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन:-
शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा/ आयुष बडोनी, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा।
