IND A vs AUS A: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे चार दिवसीय मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ए ने 9 विकेट खोकर 350 रन बना लिए। आखिरी सत्र तक ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को खूब परेशान किया और बड़ी साझेदारियां निभाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया ए टीम (फोटो-BCCI)
कप्तान मैक्सविनी और एडवर्ड्स की शानदार पारियां
ऑस्ट्रेलिया ए के कप्तान नाथन मैक्सविनी ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली। उन्होंने 162 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 74 रन बनाए। वहीं, सातवें नंबर पर उतरे जैक एडवर्ड्स ने मात्र 78 गेंदों पर 11 चौके और 1 छक्का जड़कर 88 रन की विस्फोटक पारी खेली।इसके अलावा ओपनर सैम कोंस्टास ने 91 गेंदों पर 49 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर जोश फिलिप ने तेजतर्रार अंदाज में 33 गेंदों पर 39 रन जोड़े। अंत में टॉड मर्फी (29 रन) और हेनरी थॉर्नटॉन (10 रन नाबाद) ने आखिरी विकेट के लिए 21 रनों की साझेदारी की और स्कोर को 350 तक पहुंचाया।
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन
भारत ए की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार, जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 28 ओवर में 93 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनके अलावा गुरनुर बरार ने 13 ओवर में 71 रन देकर 2 विकेट लिए। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली।
श्रेयस अय्यर ने लिया नाम वापस
मैच से ठीक पहले भारतीय टीम को एक झटका तब लगा जब श्रेयस अय्यर ने निजी कारणों से अपना नाम वापस ले लिया। उनकी अनुपस्थिति में विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई।इस मैच की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में केएल राहुल भी शामिल हैं, जो लंबे समय बाद घरेलू क्रिकेट में नजर आए।
पहला मैच रहा था ड्रॉ
भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच इस सीरीज का पहला चार दिवसीय मैच भी इसी स्टेडियम में खेला गया था, जो ड्रॉ पर समाप्त हुआ। उस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 532 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारत ए ने 7 विकेट पर 531 रन बनाकर पारी घोषित की थी। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 16 ओवर में 56 रन बनाए थे और मैच बिना नतीजे के समाप्त हुआ।
